Singapore Open 2025: सात्विक और चिराग सिंगापुर ओपन के क्वार्टर फाइनल में, सिंधू और प्रणय बाहर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 29, 2025

सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल टीम ने गुरुवार को सिंगापुर ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया लेकिन पूर्व विश्व चैंपियन पीवी सिंधू हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। सात्विक और चिराग ने दूसरे दौर के मुकाबले में साबर कार्यमन गुटामा और मोह रेजा पहलवी इस्फहानी की सातवीं वरीयता प्राप्त इंडोनेशियाई जोड़ी के खिलाफ पहला गेम गंवाने के बाद वापसी करते हुए एक घंटे 14 मिनट तक में 19-21 21-16 21-19 से जीत हासिल की।

अगले दौर में भारतीय जोड़ी का सामना गोह से फेई और नूर इज्जुद्दीन की दूसरी वरीयता प्राप्त मलेशियाई जोड़ी से होगा। पिछले कुछ हफ्तों से फिटनेस समस्याओं से जूझने के बाद वापसी कर रही भारतीय जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधू को हालांकि दुनिया की पांचवें नंबर की खिलाड़ी चीन की चेन यूफेई के खिलाफ 65 मिनट चले कड़े मुकाबले में 9-21 21-18 16-21 से हार का सामना करना पड़ा।

विश्व रैंकिंग में 17वें स्थान पर खिसक चुकी सिंधू ने दूसरे गेम में अपनी पुरानी फॉर्म दिखाई। उन्होंने 19-12 की बढ़त बनाने के बाद दूसरा गेम 21-18 से जीता। हालांकि तीसरे और निर्णायक गेम में चीन की खिलाड़ी ने अपने दमदार स्मैश और कोर्ट पर बेहतर नियंत्रण बनाते हुए मैच जीत लिया।

पहले दौर में कनाडा की वेन यू झेंग के खिलाफ 21-14, 21-9 से जीत दर्ज करने वाली सिंधू दूसरे दौर में इस लय को बरकरार रखने में नाकाम रहीं। पुरुष एकल में भी भारत को निराशा हाथ लगी जब एचएस प्रणय प्री क्वार्टर फाइनल में फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव के खिलाफ 16-21 14-21 से हारकर बाहर हो गए।

भारत की त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की आठवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी को महिला युगल के दूसरे दौर में चीन की जिया यि फान और झांग शु जियान की जोड़ी से 8-21, 10-21 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। वहीं रोहन कपूर और रूत्विका शिवानी गाडे की मिश्रित युगल जोड़ी भी हारकर बाहर हो गई जिन्हें हांगकांग की टांग चुन मान और से यिंग सुएत की जोड़ी ने 31 मिनट में 21-10, 21-16 से पराजित किया।

प्रमुख खबरें

Rohit Shetty Birthday: कभी Tabu के कपड़े किए प्रेस, आज हैं Bollywood के सबसे सफल Director

Rajasthan में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! 64 IPS अधिकारियों के तबादले, जयपुर-जोधपुर ग्रामीण समेत 24 जिलों को मिले नए SP

Operation Epic Fury की रफ्तार तेज! Iran का मुख्य तेल टर्मिनल Kharg Island तबाह, Donald Trump बोले- ईरान अब घुटनों पर है

वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच गुजरात सरकार का बड़ा फैसला: अब होटल, रेस्तरां और संस्थानों को भी मिलेगा तत्काल PNG कनेक्शन