By अभिनय आकाश | Oct 24, 2026
सऊदी अधिकारियों ने शनिवार को मक्का शहर में "शत्रुतापूर्ण हवाई खतरे" को लेकर एक आपातकालीन अलर्ट जारी किया। बाद में बताया गया कि यह खतरा टल गया है। सऊदी नागरिक सुरक्षा महानिदेशालय ने मक्का प्रांत में निवासियों को संभावित खतरे के प्रति सचेत करने के लिए एक चेतावनी जारी की। एक्स पर एक पोस्ट में कहा गया मक्का प्रांत में संभावित खतरे के प्रति लोगों को सतर्क करने के लिए 'नेशनल अर्ली वार्निंग प्लेटफॉर्म' की ओर से एक चेतावनी जारी की गई है। बाद में एक्स पर एक और पोस्ट में कहा गया, "अलर्ट: मक्का प्रांत में खतरा टल गया है। सऊदी अधिकारियों ने जेद्दा, यानबू और ताइफ प्रांतों के लिए भी अलर्ट जारी किए थे, और बाद में पुष्टि की कि इन इलाकों से खतरा टल गया है। सऊदी सिविल डिफेंस ने अपने अलर्ट में लोगों से सुरक्षा निर्देशों का पालन जारी रखने और भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने या वीडियो बनाने से बचने की अपील की। अधिकारियों ने लोगों को आपातकालीन स्थिति में 911 पर कॉल करने की सलाह भी दी। इस बीच, सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मल्की ने बताया कि सऊदी के ताइफ और यानबू शहरों की ओर हूथी मिलिशिया द्वारा दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों को एयर डिफेंस सिस्टम ने रोककर नष्ट कर दिया।
इस बीच, यमन की सरकारी समाचार एजेंसी 'सबा' के अनुसार, 'यमेनी नेटवर्क फॉर राइट्स एंड फ्रीडम्स' ने दावा किया है कि उसने ताइज़ गवर्नरेट में 24 घंटे के भीतर हूतियों द्वारा किए गए 21 "अपराधों और उल्लंघनों" का दस्तावेज़ीकरण किया है। एनजीओ ने बताया कि इन उल्लंघनों में रिहायशी इलाकों की ओर दागे गए लगभग 213 "प्रोजेक्टाइल" (गोले/मिसाइलें) शामिल हैं। इसके अलावा, गोलाबारी और स्नाइपर हमलों में लोगों की मौत और घायल होने की घटनाएं, अपहरण, अज्ञात स्थानों पर लोगों को हिरासत में रखना, घरों में छापेमारी और लूटपाट, तथा रिहायशी इलाकों और सार्वजनिक सड़कों पर हमले भी शामिल हैं।