By रेनू तिवारी | Nov 26, 2026
केंद्र सरकार ने गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट को सूचित किया कि 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के नेता सौरव दास के पासपोर्ट रिकॉर्ड में पाई गई गंभीर विसंगतियों के कारण उनके खिलाफ एक 'लुकआउट सर्कुलर' (LOC) जारी किया गया है। कुछ दिन पहले ही दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें यूनाइटेड किंगडम (UK) जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया था। यात्रा पर लगी इसी रोक को चुनौती देते हुए सौरव दास ने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था।
सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि दास के पासपोर्ट दस्तावेजों में उनकी स्कूली शिक्षा, आवासीय पते और माता-पिता के विवरण को लेकर जो गड़बड़ियां सामने आई हैं, वे उनकी भारतीय नागरिकता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर सकती हैं।
केंद्र की ओर से पेश हुए एडिशनल सॉलिसिटर जनरल (ASG) चेतन शर्मा ने जस्टिस अमित महाजन को बताया कि मुंबई पुलिस ने 23 नवंबर को यह LOC जारी किया था। यह घटना उस समय से ठीक एक दिन पहले हुई, जब दास को 'कॉकरोच आंदोलन' (cockroach movement) पर ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के छात्रों को संबोधित करने के लिए UK जाना था।
सुनवाई के दौरान इस LOC का होना विवाद का मुख्य बिंदु बन गया। दास के वकील ने सवाल उठाया कि बिना किसी सूचना या यात्रा पर रोक लगाने वाले आदेश को दिखाए, उन्हें देश छोड़ने से कैसे रोका जा सकता है?
दास की ओर से पेश हुए सीनियर एडवोकेट अखिल सिब्बल ने दलील दी कि उनके मुवक्किल को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद ही 'कारण बताओ नोटिस' (show-cause notice) मिला, जहां इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें फ्लाइट में चढ़ने से रोक दिया था। सिब्बल ने सवाल किया, "मुझे कोई नोटिस नहीं दिया गया। किसी को तो मुझे बताना चाहिए था कि मेरे खिलाफ कोई LOC जारी हुआ है। नागरिकों के साथ ऐसा बर्ताव कैसे किया जा सकता है?"
दास के वकील ने केंद्र से उन आधारों का खुलासा करने को कहा, जिनके चलते यह LOC जारी किया गया है। साथ ही, उन्होंने कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाने के लिए इस सर्कुलर की एक कॉपी भी मांगी। वकील ने कहा, "किस अपराध के लिए और कब उन्होंने यह LOC जारी किया? उन्हें अपना जवाब दाखिल करने दें। मेरे पास भी तो कोई कानूनी रास्ता होना चाहिए।"
हालांकि, केंद्र सरकार ने कहा कि LOC की कॉपी नहीं दी जा सकती। शर्मा ने दलील दी कि अब दास को इस LOC के बारे में पता चल चुका है, इसलिए वे अलग से कानूनी प्रक्रिया अपनाकर इसे चुनौती देने के लिए स्वतंत्र हैं।
यात्रा पर लगी इस रोक का कारण बताते हुए, शर्मा ने पुडुचेरी के पुलिस अधीक्षक (SP) द्वारा 20 अगस्त को की गई एक जांच का हवाला दिया। इस जांच में दास के पासपोर्ट रिकॉर्ड में उनकी स्कूली शिक्षा, आवासीय पते और माता-पिता के विवरण को लेकर गड़बड़ियां पाई गई थीं। केंद्र के अनुसार, दास ने अपने पासपोर्ट आवेदन में पिता का नाम खाली छोड़ दिया था, जबकि कुछ दस्तावेजों में उनका पता दिल्ली और कुछ अन्य दस्तावेजों में पुडुचेरी दर्ज था। शर्मा ने तर्क दिया कि इन विसंगतियों का असर उनकी भारतीय नागरिकता पर भी पड़ सकता है।
सरकार ने अदालत को यह भी बताया कि 23 नवंबर को शाम 7:32 बजे दास को एक 'शो-कॉज नोटिस' (कारण बताओ नोटिस) जारी किया गया था, और उसके ठीक चार मिनट बाद, शाम 7:36 बजे एक 'ट्रैवल एडवाइजरी' (यात्रा परामर्श) जारी की गई। उन्हें इन विसंगतियों के बारे में स्पष्टीकरण देने के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया गया था।
शर्मा ने दास की याचिका की स्वीकार्यता पर भी सवाल उठाया। उन्होंने तर्क दिया कि अधिकारियों ने उन्हें केवल विदेश यात्रा न करने की सलाह दी थी, न कि उनका पासपोर्ट रद्द किया था। उन्होंने कहा कि नोटिस का जवाब देने के बजाय, दास ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाना बेहतर समझा।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद, हाई कोर्ट ने केंद्र, गृह मंत्रालय और पुलिस को नोटिस जारी किया है। अदालत ने उनसे 9 दिसंबर तक जवाब मांगा है, जिस दिन इस मामले की अगली सुनवाई होगी।
दास, जिन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में बोलना था, ने दावा किया कि 24 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट के इमिग्रेशन काउंटर पर उन्हें रोक दिया गया। उन्होंने बताया कि उन्हें विदेश यात्रा से रोकने वाला कोई भी आदेश नहीं दिखाया गया था।