By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 08, 2026
(सीमा हाखू काचरू) ह्यूस्टन (अमेरिका), आठ नवंबर देश के सबसे बड़े ऋणदाता भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (कैलिफोर्निया) ने टेक्सास के फ्रिस्को में अपनी नई शाखा का उद्घाटन किया है। इस शाखा के खुलने के साथ ही इस अनुषंगी कंपनी ने कैलिफोर्निया से बाहर अपना पहला भौतिक विस्तार किया है। इसके साथ ही अब अमेरिका में इसकी शाखाएं आठ स्थानों पर हो गई हैं।
उद्घाटन समारोह का नेतृत्व एसबीआई समूह के चेयरमैन सी एस शेट्टी ने किया। इस अवसर पर ह्यूस्टन में भारत के महावाणिज्य दूत डी सी मंजूनाथ और फ्रिस्को के मेयर मार्क हिल भी उपस्थित थे। तेजी से बढ़ते उत्तरी डलास क्षेत्र में स्थित फ्रिस्को की यह नई शाखा खुदरा और व्यावसायिक बैंकिंग सेवाओं की पूरी शृंखला प्रदान करने के लिए तैयार की गई है।
इनमें व्यक्तिगत और व्यावसायिक जमा, वाणिज्यिक ऋण और अंतरराष्ट्रीय धन प्रेषण शामिल हैं। इन सेवाओं को विशेष रूप से उत्तरी टेक्सास के व्यक्तियों, पेशेवरों, उद्यमियों और कॉरपोरेट इकाइयों के लिए तैयार किया गया है। मंजूनाथ ने भारत-अमेरिका आर्थिक और वाणिज्यिक संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ उत्तरी टेक्सास में तेजी से बढ़ रहे भारतीय प्रवासी समुदाय के लिए वित्तीय संपर्क बढ़ाने में इस शाखा की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कैलिफोर्निया स्थित अपनी अनुषंगी कंपनी के आठ केंद्रों के अलावा एसबीआई की अमेरिका में मजबूत प्रत्यक्ष उपस्थिति भी है। बैंक न्यूयॉर्क, शिकागो और लॉस एंजिल्स में पूर्ण-सेवा शाखाओं के साथ-साथ वाशिंगटन में एक प्रतिनिधि कार्यालय का संचालन करता है।