By अभिनय आकाश | Dec 29, 2025
केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री (डीओएनईआर) ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को देहरादून में त्रिपुरा के छात्रों एंजेल चकमा और माइकल पर हुए क्रूर हमले पर गहरा दुख व्यक्त किया और इस घटना को "मानवता और संवेदनशीलता पर एक गंभीर आघात बताया। एक्स पर साझा किए गए एक पोस्ट में सिंधिया ने कहा देहरादून में त्रिपुरा के एंजेल चकमा और माइकल के साथ हुई अमानवीय घटना ने मुझे गहराई से व्यथित और स्तब्ध किया है।यह केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि मानवता और संवेदनशीलता पर गहरा आघात है।
इससे पहले, 9 दिसंबर को देहरादून में एमबीए छात्र अंजेल चकमा पर बदमाशों के एक समूह ने चाकू और अन्य धारदार वस्तुओं से हमला किया था, जिसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना के संबंध में पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से दो आरोपी नाबालिग हैं और उन्हें किशोर सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस फरार आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है, जिस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया है। उत्तराखंड मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, फरार आरोपी की तलाश में एक पुलिस दल को नेपाल भी भेजा गया है।