सिंधिया ने 2023 के विधानसभा चुनावों से पहले मप्र में नेतृत्व परिवर्तन की संभावनाओं को नकारा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 19, 2021

इंदौर (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश में वर्ष 2023 के दौरान होने वाले विधानसभा चुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा के चेहरे को लेकर लग रहीं अटकलों के बीच केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह और अन्य भाजपा नेता इन चुनावों में विजय के लक्ष्य के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में काम कर रहे हैं। सिंधिया ने इंदौर में एक प्रश्न पर संवाददाताओं से कहा, जहां तक 2023 (के विधानसभा चुनावों) की बात है, हम सब भाजपा नेता मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में काम कर रहे हैं। मुझे विश्वास है कि प्रदेश उनकी सरकार के कार्यकाल में विकास की नयी ऊंचाई छुएगा।

इसे भी पढ़ें: नवजोत सिंह सिद्धू ने पूर्व आईपीएस अधिकारी को अपना प्रधान रणनीतिक सलाहकार नियुक्त किया

उन्होंने भारत में पेट्रोलियम उत्पादों की आसमान छूतीं कीमतों का ठीकरा कांग्रेस की पिछली सरकारों की नीतियों पर फोड़ते हुए आरोप लगाया, इस पार्टी (कांग्रेस) ने आजादी के 70 साल तक भारत को विदेशी ताकतों के हाथों गिरवी रख दिया जिससे देश कच्चे तेल के उत्पादन में आत्मनिर्भर नहीं बन सका। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सभी तेल कम्पनियां कच्चे तेल के नये भंडारों की खोज पर अपना ध्यान केंद्रित कर रही हैं ताकि हम इसके उत्पादन में आत्मनिर्भर बन सकें। संसद के मॉनसून सत्र को तय समय से पहले समाप्त किए जाने के लिए विपक्ष को जिम्मेदार ठहराते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, मॉनसून सत्र के दौरान विपक्ष ने संसद में प्रजातांत्रिक प्रक्रिया का गला घोंटने और लोकतंत्र के मंदिर को खंडित करने की कोशिश की।

पश्चिमी मध्य प्रदेश के मालवा-निमाड़ अंचल में सिंधिया की तीन दिवसीय जन आशीर्वाद यात्रा से क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के दूर रहने के बारे में पूछे जाने पर सिंधिया ने कहा, आप लोग (मीडिया) चटपटा मसाला ढूंढ रहे हैं। लेकिन विजयवर्गीय और मेरे 20 साल पुराने मधुर रिश्ते हैं। उन्होंने जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत से पहले मुझे मंगलवार सुबह इंदौर के हवाई अड्डे पर गुलदस्ता भेंट किया था। नवनियुक्त केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने मालवा-निमाड़ अंचल के आम लोगों तक पहुंचने के लिए मंगलवार से तीन दिवसीय जन आशीर्वाद यात्रा शुरू की थी। उनकी यह यात्रा बृहस्पतिवार को इंदौर में समाप्त हुई।

प्रमुख खबरें

Commonwealth Games: लॉन बॉल्स में Navneet Singh और Dinesh Kumar ने दर्ज की चौथी जीत

Commonwealth Boxing: जादूमणि, अरुंधति और जैस्मीन समेत 6 भारतीय मुक्केबाज फाइनल में पहुंचे

Commonwealth Games में अस्मिता डे और हर्ष सिंह ने जूडो में स्वर्ण जीतकर रचा इतिहास

CJI Surya Kant ने Jaipur में कहा: ऑनलाइन मध्यस्थता पूरी तरह AI के भरोसे नहीं छोड़ी जा सकती