By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 20, 2026
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने शुक्रवार को कहा कि बाजार नियामक सेबी विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) के लिए नियमों को और सरल बनाने के मकसद से जल्द ही एक परामर्श पत्र जारी करेगा। इसमें ऐसे कुछ प्रतिबंधों को हटाने का प्रस्ताव होगा, जो अन्य देशों में लागू नहीं हैं। इस कदम का उद्देश्य अनुपालन संबंधी आवश्यकताओं को कम करना, देश के नियामकीय रूपरेखा को वैश्विक स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी बनाना और विदेशी पूंजी के व्यापक निवेश को आकर्षित करना है।
पांडेय ने यहां उद्योग मंडल सीआईआई के कार्यक्रम में कहा, ‘‘हम बहुत जल्द एक परामर्श पत्र जारी करेंगे। इसमें भारत में एफपीआई के परिचालन को और सरल बनाने के लिए कुछ ऐसी अन्य बाधाओं को हटाने का सुझाव दिया जाएगा, जो दूसरे देशों में नहीं हैं, लेकिन हमारे यहां हैं। इस साल ज्यादातर समय विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने भारतीय बाजार से पैसा निकाला है, लेकिन हाल के दिनों में उन्होंने अपना निवेश बढ़ाया है।
पांडेय ने कहा कि सेबी एफपीआई के पंजीकरण की प्रक्रिया में लगने वाले समय को घटाकर पांच कार्यदिवस तक लाने पर काम कर रहा है। स्वागत-एफआई व्यवस्था के तहत पंजीकृत कुछ निवेशकों का पंजीकरण पहले ही इस समयसीमा में पूरा किया जा चुका है। स्वागत-एफआई व्यवस्था के तहत करीब 740 विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने पंजीकरण कराया है।
इनकी हिस्सेदारी एफपीआई की कुल परिसंपत्तियों में 17 प्रतिशत है। नियामक ने विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) के पावर ऑफ अटॉर्नी की प्रक्रिया को भी डिजिटल कर दिया है और वित्तीय लागत घटाने के लिए शुद्ध निपटान की सुविधा शुरू की है। एक दिसंबर से संबंधित एफपीआई के लिए ग्राहक पहचान (केवाईसी) प्रक्रिया की समीक्षा की अवधि एक और तीन वर्ष से बढ़ाकर क्रमशः दो और आठ वर्ष की जाएगी।
इससे बार-बार अनुपालन की जरूरत कम होगी। सेबी ने प्रवासी भारतीयों (एनआरआई), भारतीय मूल के विदेशी नागरिकों (ओसीआई) और विदेशी नागरिकों के लिए डिजिटल पंजीकरण की प्रक्रिया भी सरल बनायी है। पात्र निवेशक अब भारत आए बिना ही अपने ग्राहक को जानो (केवाईसी) और उसके पुनः सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
पांडेय ने कहा कि घरेलू बचत पूंजी बाजार के लिए मजबूत आधार उपलब्ध कराती है, जबकि विदेशी निवेश से अतिरिक्त पूंजी आती है। उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में पूंजी जुटाने का आंकड़ा करीब नौ लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। देश के शेयर बाजार का कुल बाजार पूंजीकरण पांच लाख करोड़ डॉलर के पार निकल चुका है, जबकि 15 करोड़ से अधिक विशिष्ट निवेशक प्रतिभूति बाजार में भाग ले रहे हैं।
पांडेय ने कहा कि बाजार को आने वाले कुछ वर्षों में लघु एवं मझोले उद्यमों के क्षेत्र से कम से कम 2,000 और कंपनियों को सूचीबद्ध कराने का लक्ष्य रखना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘हमें अगले कुछ वर्षों में लघु एवं मझोले क्षेत्र से कम से कम 2,000 और कंपनियों को सूचीबद्ध कराने का लक्ष्य रखना चाहिए।’’ पांडेय ने सीआईआई सहित उद्योग संगठनों से उभरते उद्यमों की पहचान करने, औद्योगिक समूहों को अपनाने और कंपनियों को पूंजी बाजार से धन जुटाने के लिए तैयार करने में मदद करने का आग्रह किया।