By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 08, 2021
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को पूर्व उपप्रधानमंत्री व देश के सबसे अनुभवी राजनीतिज्ञों में शुमार लाल कृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और देश व पार्टी के विकास में उनके योगदान की सराहना की। आडवाणी आज 94 वर्ष के हो गए। मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘सम्मानीय आडवाणी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। उनके लंबे व स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं। लोगों को सशक्त करने और हमारे सांस्कृतिक गौरव को बढ़ाने के लिए उन्होंने जो प्रयास किए, देश इसके लिए उनका ऋणी रहेगा।
आडवाणी का जन्म सिंध प्रांत (अब पाकिस्तान)के कराची शहर में एक सिंधी हिंदू परिवार में हुआ था। वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में देश के गृह मंत्री और उप प्रधानमंत्री रहे। राष्ट्रीय क्षितिज पर भाजपा के उभार का सबसे बड़ा श्रेय आडवाणी को ही दिया जाता है। उन्होंने 80 के दशक में अयोध्या में राम मंदिर बनाने के लिए यात्रा निकाली थी और इसके बाद देश भर में भाजपा का जनाधार बढ़ता ही चला गया।