शेयर बाजार में गिरावट जारी, सेंसेक्स-निफ्टी दोनों लुढ़के

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 25, 2022

मुंबई। शेयर बाजारों में शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 233 अंक के नुकसान में रहा। भू-राजनीतिक तनाव, जिंसों की ऊंची कीमत और ब्याज दर बढ़ने की चिंता के बीच टिकाऊ उपभोक्ता, दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों, बैंक और आईटी शेयरों में मुनाफावसूली से बाजार नीचे आया। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 233.48 अंक यानी 0.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ 57,362.20 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 495.44 अंक लुढ़क कर 57,100.24 पर खिसक गया था। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 69.75 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,153 अंक पर बंद हुआ। इस तरह शेयर बाजार लगातार दूसरे सप्ताह नुकसान में रहा। कारोबारी सप्ताह के अंत में सेंसेक्स 501 अंक जबकि एनएसई निफ्टी 134 अंक नीचे आया।

इसे भी पढ़ें: मुनाफावसूली से सेंसेक्स 304 अंक टूटा, निफ्टी 70 अंक नीचे आया

दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में डा. रेड्डीज लेबोरेट्रीज (0.77 प्रतिशत), एशियन पेंट्स (0.76 प्रतिशत), रिलायंस इंडस्ट्रीज लि. (0.73 प्रतिशत) में प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक भी लाभ में रहे। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘बाजार में 10 प्रतिशत की हालिया तेजी के बाद गिरावट देखी जा रही है। इसका कारण जिंसों के दाम में तेजी, मौद्रिक नीति को सख्त किए जाने की आशंका और मुद्रास्फीति दबाव है। घरेलू बाजार में मजबूती दिख रही है लेकिन यह प्रवृत्ति बनी रहती है या नहीं, यह युद्ध के परिणाम और जिंसों के दाम पर निर्भर करेगा।’’ एशिया के अन्य बाजारों में चीन में शंघाई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में जबकि जापान का निक्की और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी मामूली लाभ में रहे। अमेरिकी शेयर बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त के साथ बंद हुआ था। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.44 प्रतिशत की गिरावट के साथ 117.32 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को 1,740.71 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

प्रमुख खबरें

SEBI Order के खिलाफ SAT पहुंचे Zee Entertainment और Punit Goenka, बुधवार को होगी अहम सुनवाई

Lionel Messi को चैंपियन बनाने वाले पिता Jorge Messi का निधन, दिग्गज Rafael Nadal ने जताया गहरा शोक

Aston Villa छोड़ PSG लौटे Lucas Digne, 11 साल बाद फिर पहनेंगे पेरिस की जर्सी, 2029 तक हुआ Deal साइन

5 साल के फतेह ने Thailand में रचा इतिहास, Gatka on Skates में जीता World Martial Arts Games Gold Medal