Sensex 427 अंक मजबूत होकर बंद, Nifty भी 25,387 के स्तर पर पहुंचा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 17, 2026

विदेशी पूंजी का प्रवाह जारी रहने, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और रिलायंस इंडस्ट्रीज एवं बैंकिंग शेयरों में खरीदारी से घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही। बीएसई सेंसेक्स 427 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 25,387 अंक पर बंद हुआ। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 427.40 अंक यानी 0.52 प्रतिशत बढ़कर 82,532.19 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान एक समय यह 792.70 अंक यानी 0.96 प्रतिशत चढ़कर 82,897.49 अंक पर पहुंच गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयर वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 96.30 अंक यानी 0.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,387.40 अंक पर बंद हुआ। वैश्विक बाजारों में कमजोरी के रुख के बावजूद घरेलू बाजारों में तेजी रही।

सेंसेक्स की कंपनियों में एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, अदाणी पोर्ट्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा प्रमुख रूप से लाभ में रहीं। दूसरी तरफ, एचसीएल टेक, पावर ग्रिड, टेक महिंद्रा और इन्फोसिस के शेयर में गिरावट का रुख देखा गया। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.26 प्रतिशत बढ़कर 92.68 डॉलर प्रति बैरल पर था।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 4,864.68 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोप के बाजारों में भी कारोबार के दौरान कमजोरी रही।

अमेरिकी बाजार सोमवार को खासी गिरावट के साथ बंद हुए थे। नैस्डैक कंपोजिट 2.49 प्रतिशत, एसएंडपी 500 1.92 प्रतिशत और डाउ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 1.41 प्रतिशत टूट गए थे। इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 512.34 अंक चढ़कर 82,104.79 अंक पर और निफ्टी 146.80 अंक की बढ़त के साथ 25,291.10 अंक पर बंद हुआ था।

प्रमुख खबरें

20 नवंबर से शुरु होगा Wedding Season, साल 2027 में टूटेगा 26 साल का रिकॉर्ड! विवाह के 96 शुभ मुहूर्त

जब अपनी जान पर खेलकर हीरो ने बचाई थी सुपरस्टार की जान, किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है सुनील दत्त और नर्गिस की प्रेम कहानी

Call Me Bae Season 2 की रिलीज़ डेट का ऐलान: 17 दिसंबर को लौटेंगी Ananya Panday, भारी ट्रैफिक के बीच गुलाबी ऑटो पर लेटी आईं नज़र

IPL 2027: मोहम्मद शमी राजस्थान रॉयल्स में शामिल, लखनऊ सुपर जायंट्स से हुआ ट्रेड