By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 25, 2026
विदेशी कोषों की मजबूत आवक, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और प्रमुख बैंकों के शेयरों में लिवाली के बीच बुधवार को शुरुआती कारोबार में प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में जोरदार तेजी आई। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1,382.16 अंक चढ़कर 83,818.15 अंक पर पहुंच गया। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 407.60 अंक की बढ़त के साथ 25,758.45 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में एचडीएफसी बैंक का शेयर 3.54 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा इन्फोसिस में 3.43 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक में 3.19 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस में 2.65 प्रतिशत, एक्सिस बैंक में 2.13 प्रतिशत और बजाज फिनसर्व में 2.09 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। दूसरी ओर, टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाइटन और पावर ग्रिड के शेयरों में गिरावट रही।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 1.42 प्रतिशत गिरकर 90.12 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 5,672.99 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की थी। गुरु नानक देव के प्रकाश गुरुपर्व के अवसर पर मंगलवार को शेयर बाजार बंद थे।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 5.30 प्रतिशत, जापान का निक्की 225 सूचकांक 2.74 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक एक प्रतिशत नीचे रहा। वहीं, हांगकांग का हैंग सेंग मामूली बढ़त में कारोबार कर रहा था। अमेरिकी शेयर बाजार मंगलवार को ज्यादातर गिरावट के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स सोमवार को 1,483.72 अंक टूटकर 82,435.99 अंक पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 450.95 अंक गिरकर 25,349.65 अंक पर रहा था।