By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 25, 2026
रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में छह पैसे की बढ़त के साथ 90.89 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। कमजोर अमेरिकी डॉलर और घरेलू शेयर बाजारों की मजबूत शुरुआत से घरेलू मुद्रा को बल मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और विदेशी निवेशकों की निकासी ने हालांकि स्थानीय मुद्रा में तेज वृद्धि को सीमित कर दिया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.94 पर खुला। फिर चढ़कर 90.89 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से छह पैसे की बढ़त दर्शाता है।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.37 प्रतिशत की बढ़त के साथ 71.74 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 102.53 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।