By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 27, 2025
विदेशी पूंजी के प्रवाह और अमेरिकी बाजारों में तेजी के बीच सेंसेक्स और निफ्टी ने शुक्रवार को कारोबार की शुरुआत आशावादी रुख के साथ की। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 229.22 अंक चढ़कर 83,985.09 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 73.5 अंक की बढ़त के साथ 25,622.50 अंक पर पहुंच गया। बाजारों में लगातार चौथे सत्र में तेजी जारी रही।
एशियाई बाजारों में जापान का निक्की 225 फायदे में रहा जबकि चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी तथा हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.49 प्रतिशत की बढ़त के साथ 68.06 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृस्पतिवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 12,594.38 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।