Global Central Banks की बैठक से पहले सतर्क रहे Investors, Sensex और Nifty में दर्ज हुई मामूली गिरावट

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 28, 2026

स्थानीय शेयर बाजार में मंगलवार को मामूली गिरावट आई और दोनों मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स तथा एनएसई निफ्टी लगभग स्थिर रुख के साथ बंद हुए। दुनिया के प्रमुख केंद्रीय बैंकों की इस सप्ताह मौद्रिक नीति बैठकों से पहले और एशिया के अन्य बाजारों में भारी बिकवाली के बीच निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया। तीस शेयर पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 69.86 अंक यानी 0.09 प्रतिशत टूटकर 76,765.92 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 76,988.48 अंक के उच्च स्तर और 76,672.77 अंक के निचले स्तर तक आया। इस दौरान सूचकांक में 315.71 अंक का उतार-चढ़ाव रहा।

इसके अलावा भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एनटीपीसी, आईसीआईसीआई बैंक, पावर ग्रिड और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी नुकसान में रहे। दूसरी ओर, लाभ में रहने वाले शेयर में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), इटर्नल, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस और टाइटन शामिल हैं। छोटी कंपनियों से जुड़ा स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.21 प्रतिशत टूटा जबकि मझोली कंपनियों से संबंधित मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.35 प्रतिशत चढ़ा। क्षेत्रवार सूचकांकों में पूंजीगत वस्तुएं 2.40 प्रतिशत, बिजली 2.36 प्रतिशत, जन केंद्रित सेवाएं 1.75 प्रतिशत, एफएमसीजी (दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियां) 1.27 प्रतिशत, औद्योगिक 1.22 प्रतिशत, ऊर्जा 0.68 प्रतिशत और जिंस 0.68 प्रतिशत गिरावट के साथ बंद हुए।

वहीं, फोकस्ड आईटी 3.44 प्रतिशत, आईटी 3.05 प्रतिशत, रियल्टी 2.19 प्रतिशत, टिकाऊ उपभोक्ता 1.32 प्रतिशत, वाहन 0.71 प्रतिशत और सोच-विचार कर लिए जाने वाले उत्पादों से जुड़े क्षेत्र 0.62 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई में सूचीबद्ध कुल शेयर में से 2,629 शेयर में गिरावट आई जबकि 1,626 लाभ में रहे। वहीं 169 के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से मुद्रास्फीति और कच्चे माल लागत को लेकर चिंता कम हुई, जिससे बाजार को कुछ राहत मिली। हालांकि, इस सप्ताह अमेरिकी फेडरल रिजर्व, बैंक ऑफ इंग्लैंड और बैंक ऑफ जापान की मौद्रिक नीति बैठकों से पहले निवेशकों का रुख सतर्क बना रहा।’’

ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा कि एशियाई बाजारों में व्यापक बिकवाली का असर भारतीय शेयर बाजारों में भी देखने को मिला जिसके कारण निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.82 प्रतिशत की गिरावट के साथ 85.87 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को शुद्ध रूप से 1,688.23 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट गिरावट के साथ बंद हुए जबकि हांगकांग का हैंगसेंग मामूली बढ़त में रहा।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में सकारात्मक रुख था जबकि अमेरिकी बाजार सोमवार को मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स सोमवार को 776.01 अंक यानी 1.02 प्रतिशत चढ़कर 76,835.78 अंक और निफ्टी 228.50 अंक यानी 0.96 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,995.95 अंक पर बंद हुआ था।

प्रमुख खबरें

Gwalior Air Force Station से विमान संबंधी कबाड़ चुराने वाले 3 लोग गिरफ्तार

California में भारतीय मूल की Shalini Thakur की गोली मारकर हत्या, भारतीय युवक पर आरोप

Mumbai में Ganesh Utsav से पहले Central Railway के चार पैदल यात्री पुल बंद

BRICS शिखर सम्मेलन के इतर मिले Narendra Modi और Anwar Ibrahim, व्यापार और सेमीकंडक्टर पर चर्चा