दिनभर चली खींचतान के बाद Share Market सपाट, IT Sector में गिरावट से Sensex पर लगा मामूली ब्रेक

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 11, 2026

 उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में स्थानीय शेयर बाजार बुधवार को लगभग स्थिर बंद हुए। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और वाहन शेयरों में हुआ फायदा आईटी शेयरों में मिले नुकसान से जाता रहा। बाजार में कारोबार सीमित दायरे में रहा। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 40.28 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 84,233.64 अंक पर बंद हुआ।

 ये कंपनियां सेंसेक्स  शामिल है

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इटर्नल, आईटीसी, टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाइटन, अदाणी पोर्ट्स, बजाज फिनसर्व और टाटा स्टील में प्रमुख रूप से गिरावट रही। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में भारतीय स्टेट बैंक, मारुति सुजुकी इंडिया, इंडिगो, ट्रेंट, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, सन फार्मास्युटिकल्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लि. शामिल हैं।

 विनोद नायर ने क्या कहा? 

 जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘भारत- अमेरिका व्यापार समझौते के कारण इस सप्ताह अबतक रही तेजी के बाद घरेलू शेयर बाजार में कुछ समय के लिए स्थिरता आ सकती है। बाजार का ध्यान अब तीसरी तिमाही के मिले-जुले नतीजों, आगामी मुद्रास्फीति आंकड़ों और व्यापार समझौते के विवरणों पर है। विवरण को अंतिम रूप दिए जाने की खबरें आ रही हैं।’’ नायर ने कहा कि वाहन और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्रों में मजबूती उम्मीद से बेहतर नतीजों को बताती है, जबकि कृत्रिम मेधा (एआई) से संबंधित अस्थिरता के चलते वैश्विक स्तर पर आई बिकवाली के कारण आईटी क्षेत्र का प्रदर्शन निराशाजनक रहा।

मझोली कंपनियों से जुड़े बीएसई मिडकैप और छोटी कंपनियों के बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक में मामूली गिरावट आई। नायर ने कहा, ‘‘वैश्विक स्तर पर, अमेरिका में खुदरा बिक्री के कमजोर आंकड़े और एआई से संबंधित लगातार व्यवधानों के कारण बाजार में सतर्कता का माहौल बना रहा। इससे अमेरिका में रोजगार आंकड़ों से पहले निवेशक जोखिम लेने से बच रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस बीच, घरेलू बाजारों को विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) के पूंजी प्रवाह में सुधार से लाभ मिलना शुरू हो गया है। जीडीपी वृद्धि अनुमान को बढ़ाये जाने के साथ इसके सकारात्मक बने रहने की उम्मीद है।’’ बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों में 2,316 शेयरों में गिरावट रही जबकि 1,913 शेयर लाभ में रहे। वहीं 154 शेयर के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ।

 बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.18 प्रतिशत बढ़ा जबकि स्मॉलकैप सेलेक्ट इंडेक्स स्थिर रहा। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के नंदीश शाह ने कहा, ‘‘निफ्टी ने लगातार चौथे कारोबारी सत्र में अपनी बढ़त जारी रखते हुए मामूली 18 अंक की बढ़त के साथ 25,953 पर बंद हुआ। आईटी और निजी बैंकों को छोड़कर सभी क्षेत्रीय सूचकांक सकारात्मक बंद हुए, जबकि स्वास्थ्य सेवा, वाहन, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और औषधि क्षेत्रों में सबसे मजबूत बढ़त दर्ज की गई।’’ एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, हांगकांग का हैंग सेंग और चीन का शंघाई कम्पोजिट लाभ में रहे जबकि राष्ट्रीय स्थापना दिवस के कारण जापानी बाजार बंद था। यूरोप के अधिकांश प्रमुख बाजार दोपहर में गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।

अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.44 प्रतिशत बढ़कर 69.78 डॉलर प्रति बैरल हो गया। शेयर बाजार के आंकड़ो के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 69.45 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकोंने 1,174.21 करोड़ रुपये की लिवाली की। बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 208.17 अंक चढ़कर 84,273.92 अंक औरएनएसई निफ्टी 67.85 अंक बढ़कर 25,935.15 अंक पर रहा था।

प्रमुख खबरें

UP में Congress-SP गठबंधन में बड़ी दरार: Imran Masood बोले- सपा को मुस्लिम नेता पसंद नहीं

भारत ने होर्मुज जलडमरूमध्य में दो व्यापारिक जहाजों पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की, एक भारतीय की मौत

FIFA World Cup 2026: Robbie Fowler बोले, Argentina-England की टक्कर सबसे बड़ी Rivalry

Sindhi Sai Bhaji Recipe: प्रोटीन और आयरन से भरपूर यह Healthy Dish है पोषण का खजाना, जानें बनाने की विधि