By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 02, 2026
मुंबई, दो नवंबर घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी आई। कच्चे तेल के दाम में नरमी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में जोरदार लिवाली से मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 1,233 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 23,400 अंक के पार पहुंच गया। विदेशी निवेशकों के पूंजी प्रवाह और घरेलू अर्थव्यवस्था के सकारात्मक संकेतकों से भी बाजार धारणा मजबूत हुई।
शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, कंपनी का लाभ जुलाई-सितंबर तिमाही में 33.8 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 29,550 करोड़ रुपये पर रहा। इसके अलावा, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारतीय स्टेट बैंक, एनटीपीसी और मारुति सुजुकी के शेयर में भी तेजी रही। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयर में इन्फोसिस, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और सन फार्मा शामिल हैं।
बीएसई मिडकैप सिलेक्ट सूचकांक 1.07 प्रतिशत उछला, जबकि स्मॉलकैप सिलेक्ट सूचकांक में 0.67 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘भारतीय शेयर बाजार ने सप्ताह की शुरुआत मजबूती के साथ की। दूसरी तिमाही के उम्मीद से बेहतर नतीजों और घरेलू परिस्थितियों में सुधार से बाजार को समर्थन मिला।
घरेलू वृहद आर्थिक आंकड़ों ने भी निवेशकों का भरोसा बढ़ाया। अक्टूबर में यात्री वाहनों की बिक्री में वृद्धि से त्योहारी मांग मजबूत रहने का पता चलता है, जबकि जीएसटी संग्रह में बढ़ोतरी ने घरेलू खपत और आर्थिक गतिविधियों की मजबूती की पुष्टि की। उन्होंने कहा, ‘‘वैश्विक स्तर पर भी परिस्थितियां अनुकूल रहीं।
कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और अमेरिका-ईरान के बीच कूटनीतिक प्रयास फिर शुरू होने से ऊर्जा लागत और वैश्विक जोखिमों को लेकर चिंताएं कम हुई हैं। वैश्विक स्तर पर कृत्रिम मेधा (एआई) क्षेत्र में निवेश के रुख में बदलाव के बीच विदेशी निवेशकों के फिर से खरीदार बनने से भी घरेलू शेयर बाजार को समर्थन मिला।’’ एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन में शंघाई का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि जापान का निक्की गिरावट में रहा। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख था।
अमेरिकी बाजार शुक्रवार को भारी गिरावट के साथ बंद हुए थे। एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा, ‘‘रिलायंस इंडस्ट्रीज सहित बड़ी कंपनियों के शेयर में जोरदार लिवाली से भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में 11 प्रतिशत से अधिक की तेजी आई, जिससे प्रमुख सूचकांकों को काफी समर्थन मिला।
कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट से भी बाजार को अतिरिक्त मजबूती मिली। इससे ऊर्जा लागत को लेकर चिंताएं कम हुईं और व्यापक आर्थिक मोर्चे पर कुछ राहत मिली।’’ वैश्विक तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव 4.46 प्रतिशत टूटकर 108.7 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 3,598.54 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
सेंसेक्स शुक्रवार 308.49 अंक और निफ्टी 116.35 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ था।