1599 में 22 सितंबर को East India Company की नींव रखने पर लंदन में हुई थी बैठक

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 22, 2026

इस बात को कौन नहीं जानता कि ब्रिटेन की ईस्ट इंडिया कंपनी की स्थापना भारत के साथ कारोबार के लिए की गई थी, लेकिन भारत की धन धान्य से भरपूर रियासतों की आपस की लड़ाई और मजबूत नेतृत्व की कमी को देखते हुए कंपनी की साम्राज्यवादी आकांक्षाएं जाग गईं और उसने भारत का इतिहास और भूगोल सब बदलकर रख दिया। ईस्ट इंडिया कंपनी के निर्माण में 22 सितंबर का एक खास महत्व है। दरअसल 1599 में वह 22 सितंबर का ही दिन था जब लंदन में 21 कारोबारियों की एक बैठक हुई थी। इस बैठक में भारत के साथ कारोबार करने के लिए एक कंपनी के गठन पर विचार किया गया। इसे ईस्ट इंडिया कंपनी की स्थापना की दिशा में पहला कदम कहा जा सकता है। 22 सितंबर 1993 को अमेरिका के अलबामा में एमट्रैक सनसेट लिमिटेड ट्रेन पटरी से उतरकर नदी में गिर गई। बिग बायू कैनॉट नामक इस रेल हादसे में 47 यात्रियों की मौत हो गई थी। यह दुर्घटना किसी तकनीकी खराबी या रेलवे की गलती से नहीं, बल्कि एक नाव (टगबोट) की टक्कर की वजह से हुई थी। कोहरे के कारण रास्ता भटक कर मावविला नाम की एक टगबोट बिग बायू कैनॉट के रेल पुल से टकरा गई थी जिससे रेल की पटरियां अपनी जगह से करीब तीन फुट खिसक गईं और मुड़ गईं। इस टक्कर के ठीक आठ मिनट बाद, एमट्रैक की सनसेट लिमिटेड ट्रेन 110 किमी/घंटा की रफ्तार से इस पुल पर पहुंची और पटरी से उतरकर नदी में जा गिरी।

1539 : सिख संप्रदाय के पहले गुरु नानक देव जी का करतारपुर में निधन। पाकिस्तान स्थित इस जगह को अब डेरा बाबा नानक के नाम से जाना जाता है। 1599 : लंदन के फाउंडर हॉल में 21 व्यापारियों की बैठक हुई जिसमें भारत के साथ कारोबार के लिए एक नयी कंपनी स्थापित करने के बारे में चर्चा की गई। 1903 : अमेरिकी नागरिक इटालो मार्चिओनी को आइसक्रीम कोन के लिए पेटेंट मिला। 1914 : मद्रास बंदरगाह पर जर्मनी के युद्धपोत इम्देन ने बमबारी की। 1949 : सोवियत संघ ने परमाणु बम का सफलतापूर्वक परीक्षण किया। 1955 : ब्रिटेन में टेलीविजन का व्यावसायीकरण शुरू। 1965 : भारत पाकिस्तान के बीच संयुक्त राष्ट्र की पहल पर युद्ध विराम। 1977 : विश्व प्रसिद्ध खिलाड़ी पेले के नेतृत्व में अमेरिका की कोसमोस फुटबॉल टीम दो प्रदर्शनी मैच खेलने के लिए कलकत्ता पहुंची। 1979 : जमात-ए-इस्लाम संगठन के संस्थापक सदस्य मौलाना अब्दुल अली मौदूदी का निधन। 1980 : ईरान और इराक के बीच चल रहा सीमा संघर्ष युद्ध में बदला। 1988 : कनाडा सरकार ने द्वितीय विश्व युद्ध में जापान और कनाडा के नागरिकों की नजरबंदी के लिए माफी मांगी। 1992 : संयुक्त राष्ट्र महासभा ने बोस्निया और हरजेगोविना के बीच युद्ध में भूमिका के लिए यूगोस्लाविया को निष्कासित किया। 1993 : अमेरिका के अलबामा में एमट्रैक सनसेट लिमिटेड ट्रेन पटरी से उतरकर नदी में गिर गई जिससे 47 यात्रियों की मौत हो गई थी। 1995 : अमेरिकी वायु सेना का ई-3 सेंट्री विमान (युक्ला 27) उड़ान भरते ही हंसों के झुंड से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे 2 कनाडाई और 22 अमेरिकी सैनिक मारे गए। 2006 : जर्मनी के लाथेन में एक मैग्लेव ट्रेन की टक्कर रखरखाव वाहन से हो गई, जिससे 23 लोगों की मृत्यु हो गई। 2011 : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मंसूर अली खान पटौदी का निधन। 2012 : उत्तरी सिक्किम में भारी मानसूनी बारिश के कारण भीषण भूस्खलन हुआ था, जिसमें 24 लोगों की मृत्यु हो गई थी और कई अन्य लापता हो गए थे। 2013 : पाकिस्तान के पेशावर में चर्च पर हमला, 127 से अधिक लोगों की मौत, 250 से अधिक घायल। 2018 : तंजानिया में विक्टोरिया झील में एक यात्री नौका ‘एम वी न्येयेरे’ के पलटने से 220 से अधिक लोगों की मौत हो गई। इसी दिन ईरान में वार्षिक सैन्य परेड पर आतंकवादियों का हमला, महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 29 लोग मारे गए। हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट ने ली। 2024 : ईरान में कोयला खदान में मीथेन गैस रिसाव से विस्फोट, कम से कम 34 मजदूरों की मौत।

प्रमुख खबरें

Parivartini Ekadashi 2026: परिवर्तिनी एकादशी व्रत से मिलती है सभी पापों से मुक्ति

Jamui Case: Bihar Police की SIT का एक्शन, Half Encounter में पकड़ा गया आरोपी नंदन यादव

चीन पर चढ़ा Made In India का खुमार, 5 महीने में 9.36 अरब की शॉपिंग

Asian Games में Pakistan Women ने Bangladesh को 31 रन से हराकर जीता Bronze Medal