भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान सात नए विमान मार गिराए गए थे : ट्रंप

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 29, 2025

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान ‘‘सात ब्रांड न्यू’’ विमान मार गिराए गए थे। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वे विमान किस देश के थे। ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया कि उन्होंने ‘‘दो बड़ी परमाणु शक्तियों’’ के बीच सैन्य संघर्ष रुकवाया था।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने दोहराया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष खत्म कराने के लिए व्यापार का सहारा लिया। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने प्रधानमंत्री मोदी से कहा, मैंने बहुत ही अच्छे और सज्जन प्रधानमंत्री से और पाकिस्तान के फील्ड मार्शल से कहा कि देखिए अगर आप लोग लड़ते रहेंगे तो हम कोई व्यापार नहीं करेंगे।’’

ट्रंप ने कहा कि भारत और पाकिस्तान ने तर्क दिया कि युद्ध का अमेरिका के साथ व्यापार से कोई लेना-देना नहीं है। ट्रंप ने कहा, ‘‘(उन्होंने कहा) एक बात का दूसरी से कोई संबंध नहीं है। मैंने कहा कि इसका बहुत गहरा संबंध है… दो परमाणु शक्तियां हैं। आप सब प्रभावित होते हैं, है ना? और मैंने कहा कि अगर आप लड़ेंगे तो हम कोई सौदा नहीं करेंगे। और लगभग 24 घंटे के भीतर संघर्ष खत्म हो गया। यह वाकई अद्भुत था।’’

गौरतलब है कि 10 मई को ट्रंप ने सोशल मीडिया पर घोषणा की थी कि भारत और पाकिस्तान ने ‘‘पूर्ण और तत्काल’’ संघर्षविराम पर सहमति जताई है। उन्होंने दावा किया था कि यह वाशिंगटन की मध्यस्थता में ‘‘देर रात तक’’ चली वार्ता के बाद संभव हुआ। तब से ट्रंप कई बार दावा कर चुके हैं कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान संघर्ष को ‘‘सुलझाने में मदद की।’’

भारत ने लगातार यह स्पष्ट किया है कि पाकिस्तान के साथ संघर्ष विराम पर समझौता दोनों देशों की सेनाओं के सैन्य संचालन महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच प्रत्यक्ष बातचीत के जरिए हुआ था।

भारत ने सात मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया, जिसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। यह 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में था, जिसमें 26 नागरिक मारे गए थे। भारत और पाकिस्तान चार दिन तक चले ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद 10 मई को संघर्ष समाप्त करने पर राजी हुए।

प्रमुख खबरें

Women Reservation पर जल्दबाजी क्यों? Kharge का Kiren Rijiju को पत्र, चुनाव बाद हो All-Party Meeting

एशियाई खेलों में पदक जीतने के ‘अधूरे काम’ को पूरा करना चाहती हैं मीराबाई चानू

IRGC Navy Commander Alireza Tangsiri भी मारे गये, Iran का गुस्सा आसमान पर, Middle East में आग भड़की

IPL 2026: हो गया कन्फर्म!CSK के लिए ये जोड़ी करेगी ओपनिंग? कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने खत्म किया सस्पेंस