उत्तर प्रदेश में सातवें चरण का चुनाव, पीएम मोदी और सीएम योगी ने लोगों से रिकॉर्ड मतदान करने की अपील की
By अंकित सिंह | Mar 07, 2022
उत्तर प्रदेश में सातवें चरण का चुनाव जारी है। सातवें चरण के तहत उत्तर प्रदेश के 54 सीटों पर आज वोट डाले जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश चुनाव के तहत आज यह आखिरी चरण है। इन सबके बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से रिकॉर्ड मतदान की अपील की है। अपने ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा कि उत्तर प्रदेश में आज लोकतंत्र के महायज्ञ की पूर्णाहुति का दिन है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे विधानसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण के मतदान में पूरे जोश-खरोश से भाग लें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। वही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव-2022 का आज अंतिम चरण है। सभी सम्मानित मतदाता गण राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन की विजय के लिए मतदान अवश्य करें। आपका एक वोट माफियावादियों, दंगावादियों और घोर परिवारवादियों से आपके प्रदेश को बचाएगा। अतः पहले मतदान करें फिर जलपान करें। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के सातवें और अंतिम दौर के लिए आज मतदान हो रहा है। सभी मतदाताओं से मेरी विनती है कि वे लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लें और मतदान के नए कीर्तिमान स्थापित करें।