North India Cold Wave | उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, राजस्थान और हरियाणा में पारा शून्य के करीब

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 13, 2026

उत्तर भारत के राज्यों में कोहरे और कड़ाके की ठंड के बीच कई क्षेत्रों में पारा शून्य के करीब पहुंच गया। मौसम विभाग कार्यालयों ने सोमवार को जानकारी दी कि हरियाणा के गुरुग्राम और पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि राजस्थान के फतेहपुर (सीकर) में पारा शून्य से 0.4 डिग्री नीचे तक गिर गया। फरीदाबाद और रेवाड़ी सहित एनसीआर क्षेत्र में पारा शून्य के करीब पहुंचने से जमीन की सतह पर पाला (बर्फ की परत) जम गया।

इसे भी पढ़ें: Delhi: पार्क में मिले एक दिन के लावारिस नवजात शिशु को चिकित्सकों ने दिया नया जीवन

दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार को भी कोहरा और शीतलहर जारी रहने का अनुमान है, जहां तापमान 4 से 20 डिग्री के बीच रहेगा। राजस्थान के कई जिलों में तापमान शून्य के करीब रहने से जनजीवन प्रभावित हुआ। राज्य के कई हिस्सों में रात का तापमान आठ डिग्री से नीचे रहा और भीषण शीतलहर चली। फतेहपुर के बाद बीकानेर का लूणकरणसर (0.4 डिग्री) और चूरू (1.3 डिग्री) सबसे ठंडे स्थान रहे।

श्रीगंगानगर और करौली में भी पारा 1.5 डिग्री के आसपास रहा। कोहरे के कारण यातायात प्रभावित हुआ और लोग अलाव तापते नजर आए। मौसम विभाग ने अगले एक दिन तक सामान्य से भीषण शीतलहर की चेतावनी देते हुए बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी बरतने को कहा है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ (3.3 डिग्री) भी भीषण ठंड की चपेट में हैं। गुरुग्राम के निवासियों के अनुसार उन्होंने वर्षों में ऐसी ठंड नहीं देखी। चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि अगले तीन दिनों तक भीषण ठंड जारी रहेगी, जिसके बाद इसमें कुछ कमी आने की संभावना है।

हरियाणा के नारनौल में पारा 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। किसानों के अनुसार, ओस गेहूं के लिए अच्छा है लेकिन सब्जियों और सरसों को नुकसान पहुंचा सकता है। वैज्ञानिकों ने फसलों को बचाने के लिए हल्की सिंचाई की सलाह दी है। कश्मीर में कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली है, हालांकि डल झील के कुछ हिस्से जमे हुए हैं। श्रीनगर में पारा शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जबकि पुलवामा शून्य से 6.5 डिग्री नीचे तापमान के साथ घाटी में सबसे ठंडा स्थान था।

हिमाचल प्रदेश में 16 जनवरी से बर्फबारी का अनुमान है। चंबा सहित सात जिलों में घने कोहरे और शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है। लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी सबसे ठंडा स्थान रहा जहां तापमान शून्य से 9.6 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। उत्तर प्रदेश के लखनऊ, प्रयागराज और मेरठ सहित कई जिलों में भी ठंड का असर बना रहा। लखनऊ में शाम को तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में तापमान 13 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

प्रमुख खबरें

शक्ति की सप्त धारा क्या है? पीएम मोदी के 7 स्तंभ जो देश की अर्थव्यवस्था को देंगे नई उड़ान

PM Narendra Modi ने शक्ति की सप्तधारा का आह्वान किया, 80वें Independence Day पर दिए कई लक्ष्य

Beijing में Ambassador Vikram Doraiswami ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर फहराया राष्ट्रीय ध्वज

80th Independence Day: लाल किले से Viksit Bharat का संकल्प और Vande Mataram के 150 साल का गौरवशाली इतिहास