केरलम के राज्यपाल के Instagram पर ‘भाजपा’ दिखने का आरोप, SFI पहुंची राष्ट्रपति के पास

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 05, 2026

तिरुवनंतपुरम, पांच नवंबर स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने केरलम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर के इंस्टाग्राम हैंडल पर कथित तौर पर ‘भाजपा’ का नाम दर्ज होने को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिकायत की है। संगठन ने आरोप लगाया है कि यह संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति से अपेक्षित राजनीतिक निष्पक्षता और तटस्थता के सिद्धांतों का उल्लंघन है। एसएफआई मुख्य विपक्षी दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का छात्र संगठन है।

राष्ट्रपति को ईमेल के माध्यम से भेजी गई शिकायत में एसएफआई के तिरुवनंतपुरम जिला सचिव नंदन एम. ए. ने कहा कि किसी मौजूदा राज्यपाल के सोशल मीडिया खाते पर राजनीतिक दल का नाम होना निष्पक्षता और तटस्थता के संवैधानिक सिद्धांतों के विपरीत है। संगठन ने कहा कि किसी राजनीतिक दल के साथ इस तरह का जुड़ाव संवैधानिक संस्थाओं में जनता के विश्वास को प्रभावित कर सकता है। शिकायत में कहा गया है कि राज्यपाल से संविधान के संरक्षक के रूप में कार्य करने की अपेक्षा की जाती है, न कि किसी राजनीतिक दल के प्रतिनिधि के रूप में।

भाजपा में विभिन्न पदों पर रहने सहित माथुर के इस पार्टी से पूर्व में जुड़े होने का हवाला देते हुए एसएफआई ने राष्ट्रपति से हस्तक्षेप करने की मांग की है, ताकि राज्यपाल कार्यालय की गरिमा और राजनीतिक तटस्थता बनी रहे। लोक भवन ने इस शिकायत पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। माथुर ने 23 अक्टूबर को केरलम के 29वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी।

उन्होंने राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर का स्थान लिया है, जिन्हें तमिलनाडु का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राजस्थान के पाली जिले के बेडल गांव के निवासी माथुर ने राजस्थान विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रचारक के रूप में सार्वजनिक जीवन में कदम रखा।

प्रमुख खबरें

Delhi Court ने दंगा और जानलेवा हमले के आरोपी रुस्तम को दी राहत, मिली जमानत

Dhanteras 2026: आरोग्य, धन और समृद्धि का पावन पर्व है धनतेरस

तेहरान में तख्तापलट का ख्वाब, वॉशिंगटन में हो गया रिजीम चेंज? $5000 का अन्नादुराई स्टाइल दांव भी नहीं बचा सका ट्रंप का तख्त!

धनतेरस पर मां लक्ष्मी का पूजन घर में लाता है वैभव...!!