Shafali Verma के 64 रन से Women's Asia Cup सेमीफाइनल में भारत ने बनाए 149 रन

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 10, 2026

सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (64 रन) ने बृहस्पतिवार को यहां महिला एशिया कप के पहले सेमीफाइनल में बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद चुनौतीपूर्ण पिच पर मिले जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए भारतीय टीम को बांग्लादेश के खिलाफ छह विकेट पर 149 रन के स्कोर तक पहुंचाया। शेफाली को सात चौके और तीन छक्के जड़ित 40 गेंद की आक्रामक पारी के दौरान तीन बार जीवनदान मिला। बांग्लादेश के टूर्नामेंट में अब तक प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले गेंदबाजी आक्रमण ने भारतीय बल्लेबाजों को पारी के अधिकांश हिस्से में खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

शेफाली ने अकेले दम पर भारत को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। उन्हें छह ,11 और 56 रन के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला। शीर्ष चार भारतीय बल्लेबाजों का स्ट्राइक रेट 100 से कम रहा जबकि शेफाली ने 160 के शानदार स्ट्राइक रेट से रन बनाए।

उनकी पारी में स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ तीन छक्के भी शामिल थे। इस आक्रामक सलामी बल्लेबाज ने मैदान के चारों ओर शानदार शॉट लगाए। उनकी पारी में तेज गेंदबाज मारूफा अख्तर की गेंद पर फ्रंट-फुट पुल शॉट, रिवर्स स्वीप शॉट और स्पिनरों के खिलाफ सीधे मैदान के ऊपर से लगाए गए जोरदार शॉट शामिल थे।

भारत ने पावरप्ले में एक विकेट पर 45 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन बीच के ओवरों में रन गति बढ़ाने में नाकाम रहा। भारत की तीसरे नंबर की नयी बल्लेबाज प्रतिका रावल (24 गेंद में 20 रन) टूर्नामेंट में दबाव में रही हैं, लेकिन बृहस्पतिवार को उन्होंने शानदार शुरुआत की। उन्होंने अख्तर की गेंद पर बेहतरीन कवर ड्राइव लगाया।

बाद में उन्होंने क्रीज से बाहर निकलकर छक्का लगाया, लेकिन इसी गेंदबाज की गेंद पर आउट हो गईं। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष (16 गेंद में 21 रन) भी शुरुआत में धीमी रहीं, लेकिन उन्होंने महत्वपूर्ण रन जोड़ने में सफलता हासिल की। कप्तान हरमनप्रीत ने पारी के अंत में दो छक्के लगाए।

बांग्लादेश के लिए सुल्ताना खातून ने दो जबकि राबिया खान, नाहिदा अख्तर और मारूफा अख्तर ने एक एक विकेट झटके। यह टूर्नामेंट अब तक कम स्कोर वाला रहा है इसलिए भारत को भरोसा होगा कि वह इस लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव कर सकता है।

प्रमुख खबरें

TMC सांसद Abhishek Banerjee के निजी सहायक Sumit Roy को CID ने किया गिरफ्तार

CM Yogi Adityanath ने जनप्रतिनिधियों से Seva Sankalp Abhiyan को सफल बनाने का आह्वान किया

Duleep Trophy: East Zone की खिताबी जीत तय! Ishan Kishan के तूफान से South Zone पर 584 रन की बढ़त

Tanya Chaudhary ने हैमर थ्रो में बनाया नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड, Avinash Sable भी जीते