By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 05, 2020
कोलकाता। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को यह कहते हुए केंद्रीय मंत्री अमित शाह की खिल्ली उड़ायी कि वह पश्चिम बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने का ‘दिन में सपना’ देख रहे हैं। उसने शाह के जनजातीय संपर्क को भाजपा शासित राज्यों में पिछड़े समुदायों पर अत्याचार से ध्यान बंटाने का ‘चुनावी हथकंडा’ करार दिया। साल 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल की दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचे शाह ने इससे पहले कहा था कि वह ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ व्यापक जनाक्रोश का अनुभव कर सकते हैं और उनके शासन की विदाई की घंटी बज चुकी है।
राय के सुर में सुर मिलाते हुए राज्य के मंत्री फरहाद हकीम ने कहा कि एक जनजातीय परिवार के घर शाह का निर्धारित भोजन कार्यक्रम कुछ नहीं, बल्कि ‘एक चुनावी हथकंडा’ है और देश भर में आदिवासियों पर अत्याचार से ध्यान बंटाने की बेतहाशा कोशिश करार दिया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष, पार्टी के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और उपाध्यक्ष मुकुल राय के साथ शाह एक दिन की बांकुड़ा जिले की यात्रा पर हैं।