By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 19, 2026
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में प्रेम प्रसंग को लेकर दो परिवारों के बीच हुई झड़प में घायल 50 वर्षीय व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने बताया कि घटना के सिलसिले में दो महिलाओं सहित पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था। दीक्षित ने बताया कि युवक के परिवार से जुड़ा रमेश रविवार रात गुटखा खरीदने के लिए दुकान गया था, तभी युवती के परिजन वहां पहुंच गए और दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई, जो बाद में झड़प में बदल गई। दीक्षित के मुताबिक, दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर कथित तौर पर लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें रमेश को गंभीर चोटें आईं।
उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस रमेश को अस्पताल ले गई, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दीक्षित ने बताया कि पुलिस ने घटना के सिलसिले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) सहित अन्य प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि मामले में पूछताछ के लिए पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं।