By रितिका कमठान | May 15, 2025
घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार 15 मई को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। एशियाई बाजारों में कमजोर रुझानों के बीच घरेलू शेयर बाजार का हाल भी ऐसा ही रहा है। बाजार के खुलने के साथ ही सेंसेक्स सुबह लगभग 9.15 बजे 88.70 अंक नीचे गिर गया है। इसके बाद से ही सेंसेक्स 81,239.95 के स्तर पर बना हुआ है।
इसके बाद सेंसेक्स 15 मिनट के अंदर यानी साढ़े नौ बजे फिर से 230 अंक नीचे गिर गया है। निफ्टी 50 में भी 29.10 अंक नीचे गिरते हुए 24,637.80 के स्तर पर खुला है। शुरुआती सौदों के बाद बीएसई सेंसेक्स 247.22 अंक की गिरावट के साथ 81,082.80 अंक पर और निफ्टी 67.15 अंक फिसलकर 24,599.75 अंक पर कारोबार करने लगा।
ऐसा रहा इन कंपनियों का हाल
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से पावर ग्रिड, इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक, सन फार्मा, इन्फोसिस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक और एचडीएफसी बैंक के शेयर सबसे अधिक गिरावट में रहे। टाटा मोटर्स, अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील, टेक महिंद्रा और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर में तेजी रही।
वहीं एशियाई बाजार में गिरावट देखने को मिली है। अमेरिका-चीन के बीच ट्रेड डील होने के बाद बाजार को इस डील से सकारात्मक उम्मीद थी। हालांकि बाजार का रुख ऐसा नहीं रहा है। वहीं जापान के शेयर बाजार में 0.90 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। वहीं टॉपिक्स में 0.76 फीसदी की गिरावट आई है। अमेरिका में एसएंडपी 500 में 0.10 फीसदी की हल्की बढ़त देखने को मिली है। नैस्डैक में 0.72 फीसदी की बढ़त दिखी है।