शहबाज शरीफ ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री के नाम पर चर्चा के लिए सहयोगी दलों के साथ की बैठक

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 05, 2023

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने नकदी की कमी से जूझ रहे देश में आम चुनावों से पहले एक कार्यवाहक प्रधानमंत्री के नाम पर चर्चा करने के उद्देश्य से सहयोगी दलों के नेताओं के साथ बैठक की है। ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ अखबार में शनिवार को प्रकाशित खबर के अनुसार, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के प्रमुख एवं विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी, पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट और जमीयत उलेमा इस्लाम-फज़्ल (जेयूआई-एफ) प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान तथा गठबंधन के अन्य नेता शुक्रवार को हुई बैठक में शामिल हुए। बैठक के दौरान, प्रधानमंत्री ने कार्यवाहक सरकार की संरचना और नौ अगस्त को नेशनल असेंबली भंग किये जाने पर सहयोगी दलों को विश्वास में लिया। चर्चा के बाद, सत्तारूढ़ गठबंधन के सूत्रों ने बताया कि सहयोगी दलों के प्रमुखों ने शहबाज की करीब 15 महीने की सरकार की सराहना की और उसके नेतृत्व पर संतोष जाहिर किया।

कार्यवाहक प्रधानमंत्री के लिए जिन नेताओं के नाम पर चर्चा हो रही है, उनमें पूर्व प्रधानमंत्री शाहिद खाकान अब्बासी, बलूचिस्तान से निर्दलीय सांसद असलम भूटानी, पूर्व वित्त मंत्री हफीज शेख और प्रधानमंत्री के पूर्व प्रधान सचिव फवाद हसन फवाद शामिल हैं। शुरूआत में मौजूदा वित्त मंत्री इसहाक डार का नाम कार्यवाहक प्रधानमंत्री पद के लिए सामने आया था, लेकिन पीपीपी ने इस पर आपत्ति जताई थी। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि डार अब भी इस दौड़ में शामिल हैं या नहीं, क्योंकि प्रधानमंत्री शहबाज ने उनके नाम को ना तो खारिज किया है और ना ही आपत्ति जताई है। खबर के अनुसार, सत्तारूढ़ गठबंधन के कई नेताओं ने यह भी कहा है कि प्रधानमंत्री शहबाज के भाई नवाज शरीफ कार्यवाहक प्रधानमंत्री के बारे में अंतिम निर्णय लेंगे। कार्यवाहक प्रधानमंत्री के नाम पर जारी चर्चा पर टिप्पणी करते हुए एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि यह कवायद एक औपचारिकता से अधिक कुछ नहीं है, क्योंकि गठबंधन दलों के दिग्गज नेता इस संबंध में निर्णय लेंगे और उससे प्रधानमंत्री को अवगत कराएंगे।

प्रमुख खबरें

श्रीनगर में Congress का प्रदर्शन, पुलिस ने मार्च रोका

PM Narendra Modi से मिलीं Akie Abe, भारत-जापान साझेदारी में पूर्व पीएम के योगदान को सराहा

GST Council ने छीना अफसरों से गिरफ्तारी का अधिकार, मुकदमा सीमा बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये की

CEC ज्ञानेश कुमार पर घमासान के बीच 42 पूर्व जजों ने किया विपक्ष पर जोरदार पलटवार, मामले में आया गजब का टि्वस्ट