By अभिनय आकाश | Sep 13, 2024
मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा हथौड़ा लेकर खुद ही मस्जिद तोड़ने की घटना की खूब चर्चा हो रही है। शिमला की संजौली मस्जिद को लेकर चल रहे विवाद के बीच अब मंडी में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने खुद ही मस्जिद तोड़नी शुरू कर दी है। शिमला की सड़कों पर बवाल देख मंडी में रहने वाले मुस्लिम मस्जिदों के अवैध हिस्से को खुद ही तोड़ रहे हैं। आपको बता दें कि मस्जिद का ये हिस्सा लोक निर्माण विभाग की जमीन पर बनाया गया था जिसे तोड़ा जा रहा है। शिमला और मंडी में हिंदुओं का प्रदर्शन देख पहली बार मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक बड़ा ऐलान किया है। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अमन शांति की बातें करनी शुरू कर दी है।
संजौली मस्जिद मामला शिमला पुलिस ने 11 सितंबर को विरोध प्रदर्शन के दौरान पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर ली है। पुलिस ने कहा कि मामले के साथ-साथ सामान्य उद्देश्यों के साथ गैरकानूनी सभा की जांच कर रही है। नागरिक समाज जिसने इस विरोध का आयोजन किया और आह्वान किया, वह इस आपराधिक कृत्य के लिए जिम्मेदार होगा। बता दें कि हिमाचल प्रदेश के शिमला के संजौली में मस्जिद में अवैध निर्माण को लेकर एक बार फिर से जमकर बवाल देखने को मिला। 11 सितंबर को संजौली में धारा 163 टूट गई और पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प भी हुई। पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ा था।