By अभिनय आकाश | Nov 24, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को शिरोमणि अकाली दल (SAD) की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में वापसी का स्वागत किया। उन्होंने BJP-SAD गठबंधन को एक स्वाभाविक साझेदारी बताया, जो पंजाब और वहां के लोगों के कल्याण को प्राथमिकता देगी। एक्स पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने अकाली दल के NDA में फिर से शामिल होने पर खुशी जताई, खासकर श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर। प्रधानमंत्री ने कहा, "पंजाब और पंजाबियों के कल्याण को सबसे ऊपर रखना! मुझे बहुत खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल NDA परिवार में वापस आ गया है, और वह भी श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के मौके पर। उन्होंने BJP-SAD की साझेदारी को एक स्वाभाविक गठबंधन बताया और कहा कि यह जन-हितैषी शासन सुनिश्चित करने और पंजाब को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में काम करेगा। उन्होंने कहा, "हमारा गठबंधन एक स्वाभाविक गठबंधन है, जो यह सुनिश्चित करेगा कि पंजाब को जन-हितैषी शासन मिले, जिससे राज्य प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए अमित शाह ने कहा बीजेपी और अकाली दल दोनों ने मिलकर पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है, और अकाली दल आज से ही एनडीए (NDA) में शामिल हो रहा है। यह बहुत खुशी की बात है कि गुरु पर्व के मौके पर, हमारे सबसे पुराने सहयोगियों में से एक, अकाली दल की एनडीए में वापसी हो रही है।" "जब हमने प्रधानमंत्री से एनडीए के विस्तार के बारे में बात की, तो उन्होंने सुखबीर बादल को फोन किया और कहा कि अब एनडीए पूरा हो गया है। अकाली दल और बीजेपी का रिश्ता बहुत पुराना है; यह गठबंधन भाईचारे का प्रतीक है और हम साथ मिलकर आगे बढ़ेंगे। हमने पहले भी कई चुनाव साथ मिलकर लड़े हैं और हमारा रिश्ता हमेशा कायम रहा है। बीजेपी और अकाली दल अपना साझा घोषणापत्र भी लेकर आएंगे। हमारा लक्ष्य पंजाब से नशा और भ्रष्टाचार को खत्म करना और राष्ट्रवादी ताकतों की वापसी कराना है। केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (AAP) ने नशा खत्म करने का वादा किया था, कांग्रेस ने भी यही वादा किया था, लेकिन दोनों में से कोई भी ऐसा नहीं कर पाया। हम वादा करते हैं कि दिसंबर 2029 तक हम राज्य से नशे को पूरी तरह खत्म कर देंगे।