By अभिनय आकाश | Nov 13, 2025
आर्थिक राजधानी मुंबई में तो मानो फुटपाथ भी 'बिकाऊ' हो गए हैं और एक पानी पूरी बेचने वाला शिवसेना नेता के झांसे में आकर मुश्किल में पड़ गया है। यह अजीबोगरीब घटना करीब दो साल पहले मुलुंड में हुई थी। एक पानी पूरी विक्रेता ने मुलुंड के एक शिवसेना नेता पर धोखाधड़ी से फुटपाथ का एक टुकड़ा उसे 3 लाख रुपये में बेचने का आरोप लगाया है, जबकि उसने पहले ही वह जगह एक डोसा विक्रेता को अवैध रूप से किराए पर दे दी थी। शिवसेना नेता कथित तौर पर डोसा विक्रेता से 17,000 रुपये प्रति माह वसूलते हैं।
एक निजी निजी मीडिया से बात करते हुए गुप्ता ने कहा कि बागुल को बार-बार याद दिलाने के बाद भी कोई फायदा नहीं हुआ, तो मैं पुलिस के पास गया। उन्होंने मुझे छह महीने पुराना एक चेक दिया। हालाँकि, वह चेक बाउंस हो गया। उसके बाद, उनसे कोई संपर्क नहीं हुआ। पानी पूरी बेचने वाले ने बताया कि उसने बैंक से लोन लेकर और अपनी माँ के सोने के गहने गिरवी रखकर 3 लाख रुपये का इंतज़ाम किया था। गुप्ता ने आगे बताया कि पुलिस के और हस्तक्षेप के बाद, उसने 1.5-1.5 लाख रुपये के दो और चेक जारी किए, लेकिन दोनों ही बाउंस हो गए। पुलिस ने अब मुझसे कहा है कि जाँच शुरू करने से पहले मुझे अदालत का आदेश लेना होगा।
हालाँकि, शिवसेना नेता ने सभी आरोपों का खंडन किया है और दावा किया है कि उनके और गुप्ता के बीच कोई बिक्री समझौता नहीं हुआ था। बागुल ने कहा उन्होंने मुझे व्यवसाय के लिए ऋण दिया था, जिसे मैं पहले ही नकद चुका चुका हूँ। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप राजनीति से प्रेरित हैं। विवाद के तूल पकड़ने पर स्थानीय शिवसेना नेतृत्व को हस्तक्षेप करना पड़ा। शिवसेना विभाग प्रमुख जगदीश शेट्टी ने कहा कि पार्टी को मामले की जानकारी है।