By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने व्हिप जारी करके पार्टी सांसदों को परिसीमन विधेयक पर चर्चा के लिए 29 नवंबर को दिल्ली में उपस्थित रहने का शनिवार को निर्देश दिया। शिवसेना (उबाठा) के लोकसभा सदस्यों को लिखे पत्र में पार्टी के मुख्य सचेतक अनिल देसाई ने उन्हें रविवार, 29 नवंबर 2026 को शाम चार बजे संसदीय दल के कार्यालय में उपस्थित रहने को कहा है। पत्र में कहा गया है कि यह बैठक संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 पर विचार-विमर्श करने के लिए बुलाई गई है।
इन विधेयकों को 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के आगामी विशेष बैठक में पेश किया जाना है। बैठक में इन विधेयकों पर पार्टी की रणनीति, रुख और विचार रखने के तरीके पर भी चर्चा होगी। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी ने कहा कि चर्चा किए जाने वाले मुद्दों के महत्व और तात्कालिकता को देखते हुए प्रत्येक सदस्य की उपस्थिति अनिवार्य है।
देसाई ने कहा, ‘‘सभी सदस्यों को निर्देश दिया जाता है कि वे उक्त बैठक में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। कोई भी सदस्य अधोहस्ताक्षरी की पूर्व अनुमति के बिना अनुपस्थित नहीं रहेगा।’’ उन्होंने कहा, इस तीन-पंक्ति वाले व्हिप का पालन नहीं करने, जिसमें पूर्व अनुमति के बिना उक्त बैठक से अनुपस्थित रहना भी शामिल है, को गंभीरता से लिया जाएगा। संबंधित सदस्य भारत के संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत कार्रवाई समेत अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए उत्तरदायी हो सकता है।
यह लागू संवैधानिक और कानूनी प्रावधानों के अधीन होगा। शिवसेना (उबाठा) के लोकसभा में तीन और राज्यसभा में एक सदस्य हैं।