शिवपाल बार-बार आईना दिखा रहे हैं, पर अखिलेश यादव कुछ समझ नहीं पा रहे हैं

By अजय कुमार | Jul 18, 2022

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और चाचा शिवपाल यादव के बीच राष्ट्रपति चुनाव को लेकर एक बार फिर से ‘तलवारें’ खिंच गई हैं, जिसमें बीजेपी अपनी सियासी रोटियां सेंकने में लगी है। हालांकि राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान की गरमा-गरमी थम चुकी है, लेकिन चाचा-भतीजे उसी पर अटके हुए हैं। विवाद की शुरुआत की वजह बना चाचा शिवपाल यादव का वह लेटर जिसमें उन्होंने भतीजे अखिलेश यादव को आगाह किया था कि वह विपक्ष के राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा का समर्थन न करें, जिन्होंने कभी मुलायम सिंह यादव को आईएसआई का एजेंट बताया था। कायदे से तो अखिलेश को ऐसी स्थितियों में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के समर्थन में मतदान नहीं करना चाहिए, लेकिन राजनीति में यह सब नहीं चलता है। समाजवादी पार्टी द्वारा बाकायदा पार्टी के सांसदों, विधायकों व अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए व्हिप जारी करके विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के पक्ष में मतदान करने को कहा गया था। इस व्हिप से सपा विधायक चाचा शिवपाल यादव भी बंधे थे, लेकिन उन्होंने इसकी चिंता नहीं की और राजग की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन किया। इतना हीं नहीं अखिलेश यादव को मुलायम के संदर्भ में यशवंत सिन्हा के पुराने बयान को कुरेद कर आईना भी दिखाया। चाचा के इस लेटर बम से अखिलेश ने कुछ समझने की कोशिश नहीं की उलटे उनका गुस्सा फूट पड़ा। लेकिन अखिलेश ने चाचा शिवपाल की जगह बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। अखिलेश का आरोप था कि शिवपाल यादव ने जो पत्र उन्हें लिखा था, वह बीजेपी ने लिखवाया और सार्वजनिक किया था। 

बहरहाल, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव जहां राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन कर रहे हैं वहीं प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव उनका विरोध कर रहे हैं। शिवपाल के इस बयान के बाद यूपी के राजनीतकि गलियारों में सियायत गरमा गई है। बता दें कि मतदान करने से पूर्व अखिलेश यादव ने राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को वोट डालने की बात कही थी, वहीं मतदान करने के बाद सपा प्रमुख ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। अखिलेश यादव ने सपा और रालोद विधायकों के साथ यशवंत सिन्हा के पक्ष में मतदान किया तो चाचा शिवपाल ने कह दिया कि नेताजी को आईएसआई का एजेंट कहने वाले का हम समर्थन नहीं करते।

इसे भी पढ़ें: आज के समय में परिवारवादी दलों की राजनीति से ऊबने लगी है जनता

राष्ट्रपति चुनाव में आज हो रही वोटिंग से पहले समाजवादी पार्टी ने पार्टी विधायकों के लिए व्हिप जारी किया था। विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक मनोज पांडे ने ये व्हिप जारी करते हुए कहा था कि सभी विधायकों को कहा गया है कि वे विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को वोट करें। पार्टी ने शिवपाल सिंह यादव को भी व्हिप की कॉपी भेजी है। इसमें कहा गया है कि जो इसका पालन नहीं करेगा उसके खिलाफ पार्टी सख्त कार्रवाई करेगी।

  

ध्यान रहे कि वहीं शिवपाल सिंह यादव ने पहले ही एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को वोट देने का ऐलान कर दिया था। उन्होंने अखिलेश यादव को एक पत्र भी लिखा था, जिसमें उन्होंने सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को आईएसआई का एजेंट बताने वाले विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को वोट नहीं देने की अपील की है। उनका कहना है कि नेताजी का अपमान बर्दाश्त नहीं है। हालांकि शिवपाल विधानसभा चुनाव के बाद से ही बागी तेवर दिखा रहे थे। वो लगातार सपा की आधिकारिक बैठकों से किनारा कर रहे थे। मुख्यमंत्री योगी से उनकी नजदीकी भी बढ़ रही हैं। वो कई बार सार्वजनिक मंचों से योगी की तारीफ के साथ अखिलेश यादव की आलोचना भी करते दिखे। कुछ समय की चुप्पी के बाद अखिलेश ने भी उन पर पलटवार किया था। सपा मुखिया का कहना था कि जिसे जहां जाने का मन करे वो जाने के लिए स्वतंत्र है।

इसे भी पढ़ें: बार-बार रणनीतिक चूक का शिकार होते जा रहे हैं अखिलेश यादव

इसी को लेकर बीजेपी नेता और उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश पर तंज कसा है। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें भी नहीं पता था कि मुलायम सिंह आईएसआई के एजेंट हैं। यदि अखिलेश यादव विपक्ष के राष्ट्रपति उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन करते हैं तो समझा जा सकता है कि वह यशवंत सिन्हा के मुलायम को लेकर दिए गए बयान का भी समर्थन करते होंगे। मौर्य ने कहा ‘भाजपा और गठबंधन द्वारा राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति उम्मीदवार को लेकर शानदार निर्णय लिया गया है। ये अपने आप में एक ऐतिहासिक निर्णय है। सभी से अपील है कि उनका समर्थन करें, सभी भरोसा करें कि देश सही दिशा में चल रहा है। मौर्य ने अखिलेश को राष्ट्रपति चुनाव के साथ-साथ 'बुन्देलखण्ड एक्सप्रेसवे' पर अखिलेश यादव के बयान पर भी तंज कसा। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ‘अखिलेश जी को कहना चाहता हूं कि घर से निकलें, एक्सप्रेस-वे पर जाएं जो अभी टोल फ्री है और वैसे भी वो विधायक हैं तो टोल लगेगा नहीं। जितने का उद्घाटन किया गया है उतनी दूरी तक वो आराम से सफर कर सकते हैं। किसी के भेजे गये वीडियो को शेयर करेंगे तो खुद मजाक का पात्र बनेंगे।’

-अजय कुमार

प्रमुख खबरें

FIFA World Cup 2026: Airport Security पर शांत खड़े रहे Lionel Messi, वायरल वीडियो ने मचाई धूम

IND vs ENG 1st T20: Vaibhav Suryavanshi का इंतजार बढ़ा, Sanju Samson पर मैनेजमेंट ने फिर जताया भरोसा

8 साल बाद Sri Lanka में Test की चुनौती, WTC Points Table पर नजरें टिकाए उतरेगी Team India

हवाई यात्रियों को बड़ी राहत, Air India ने घटाया Fuel Surcharge, America-Europe का सफर होगा सस्ता।