By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कहा कि कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़ी पहलों ने देश में अत्यधिक गरीबी कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। कृषि और ग्रामीण विकास मंत्रालयों की यहां आयोजित संयुक्त कार्यशाला को संबोधित करते हुए चौहान ने हाल ही में जारी विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि देश में अत्यधिक गरीबी की दर 27.1 प्रतिशत से घटकर 2.6 प्रतिशत रह गई है। कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि सरकार के विभिन्न विभागों के सामूहिक प्रयासों का नतीजा है।
उन्होंने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने में जुटे अधिकारियों और कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। चौहान ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा, ‘‘आपने केवल योजनाएं नहीं बनाई हैं, बल्कि राष्ट्र निर्माण किया है। विकास की इस यात्रा के असली सूत्रधार आप हैं।’’ डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित इस एक दिवसीय कार्यशाला में कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान और कृषि, ग्रामीण विकास, भूमि संसाधन तथा कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
चौहान ने कहा कि तत्काल प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि गरीबी से बाहर आए लोग दोबारा इसकी चपेट में न आएं। साथ ही, आबादी के शेष 2.6 से 2.7 प्रतिशत लोगों के जीवन स्तर में सुधार के प्रयास तेज किए जाने चाहिए।