Team India की कप्तानी में दबाव नहीं, Virat Kohli से मिलती है प्रेरणा: Shubman Gill

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 17, 2026

 भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तानी करना बेहद दबाव वाला काम माना जाता है लेकिन शुभमन गिल ने कहा कि इस भूमिका को निभाते समय वह किसी भी तरह से अपेक्षाओं का बोझ महसूस नहीं करते क्योंकि वह अपनी जिम्मेदारियों को निभाने में विराट कोहली जैसे दिग्गजों से प्रेरणा लेते हैं। गिल ने यह बात भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय उच्चायोग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कही। इस कार्यक्रम में न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम भी उपस्थित थे और उन्होंने दोनों देशों के बीच खेल संबंधों और आगामी दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला से संबंधित कुछ सवालों के जवाब दिए।

 गिल से पूछा गया कि भारत में क्रिकेट की प्रति दीवानगी और उनसे की जा रही अपेक्षाओं को देखते हुए क्या उन्हें भारतीय टीम के कप्तान का पद प्रधानमंत्री जितना चुनौतीपूर्ण लगता है। गिल ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘‘कुछ खास नहीं, बस जीतते रहना है।’’ उनकी इस बात पर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े। टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान 27 वर्षीय गिल से पूछा गया कि क्या उन्हें अपने से पहले के कप्तानों की विरासत प्रेरणादायक लगती है या फिर उससे कोई दबाव महसूस होता है, उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि मुझ पर किसी तरह से अपेक्षाओं का कोई बोझ है।

 पहले के कप्तानों ने हमारा मार्ग प्रशस्त किया और मुझे लगता है कि अब उस रास्ते पर चलने और उनके अनुभवों और सीख को अपनाने की हमारी बारी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘‘हम बहुत भाग्यशाली रहे हैं कि हमारे पास विराट भाई, रोहित (शर्मा) और यहां तक ​​कि गौतम भाई (गौतम गंभीर) जैसे खिलाड़ी हैं, जो बेहद अनुभवी खिलाड़ी हैं। उन्होंने पूरी दुनिया में क्रिकेट खेली है और जबरदस्त सफलता हासिल की है। इसलिए हम उनके अनुभवों को बहुत महत्व देते हैं।’’

 क्रिकेट के कड़े मुकाबलों को छोड़ दें तो, गिल को न्यूजीलैंड आरामदायक पर्यटन स्थल लगता है, जहां उन्हें कॉफी पीना और टहलने के लिए बाहर जाना अच्छा लगता है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे कई खिलाड़ियों को कॉफी बहुत पसंद है। वे कई कैफे में जाते हैं और वहां उन्हें निश्चित रूप से थोड़ा अधिक सुकून मिलता है। हमें भी थोड़ा आराम करने का समय मिल जाता है जिसमें हम सुकून से टहल सकते हैं तथा खिलाड़ियों और उनके परिवार के साथ कुछ अच्छा समय बिता सकते हैं।’’ 

लैथम ने दोनों देशों के बीच खेल संबंधों के बारे में बात की। उन्होंने कहा, ‘‘हमने कुछ फुटेज देखे हैं, जिनसे पता चलता है कि पिछले 100 वर्षों में न्यूजीलैंड और भारत के बीच विभिन्न खेलों के जरिए एक बहुत ही खास रिश्ता रहा है। इसलिए 100वें वर्ष में भारत के खिलाफ खेलना हमारे लिए वास्तव में खास है और उम्मीद है कि हम अगले 100 वर्षों में भी इसे जारी रखेंगे।’’

प्रमुख खबरें

कर्नाटक को AI, Deep Tech और Semiconductor का ग्लोबल हब बनाने की तैयारी: DK Shivakumar

Bigg Boss 20 में घमासान: काज़ी के सपोर्ट में इतने अंधे मत होइए..., Manish Goyal की पत्नी पूनम ने ट्रोलर्स और काज़ी तौकीर पर बोला तीखा हमला

Piyush Goyal ने मिस्र की Infinity Energy के साथ EV और वाहन विनिर्माण पर की अहम चर्चा

आम जनता के लिए खोला जाएगा केजरीवाल का शीशमहल, टिकट लेकर अंदर जा सकेंगे लोग