By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 13, 2023
मैसुरु (कर्नाटक)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धरमैया ने शनिवार को कहा कि पार्टी 224-सदस्यीय कर्नाटक विधानसभा में 120 से अधिक सीट जीतकर अपने दम पर सत्ता में आएगी। उन्होंने यह दावा भी किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं के चुनावी दौरों का राज्य के मतदाताओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। सिद्धरमैया की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय में आई है जब कर्नाटक विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतों की गिनती जारी है और कांग्रेस ने भाजपा पर बढ़त बना रखी है।
सिद्धरमैया मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों में से एक हैं। कांग्रेस ने उन्हें वरुणा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने कहा कि में वह लगभग तीन राउंड के बाद 8,000 वोटों से आगे चल रहे हैं और इससे भी बड़े अंतर से जीतेंगे। वरुणा सीट पर सिद्धरमैया का मुकाबला भाजपा के नेता वी सोमन्ना से है। सिद्धरमैया ने दावा किया कि सोमन्ना वरुणा के साथ चामराजनगर से भी हारेंगे। सोमन्ना चामराजनगर से भी भाजपा के उम्मीदवार हैं।