By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 25, 2026
दक्षिण सिक्किम के रावांगला स्थित तथागत त्सल में पर्यटकों को आकर्षित करने और रात्रि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भगवान बुद्ध के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित एक लाइट एंड साउंड शो शुरू किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। तथागत त्सल बुद्ध पार्क के नाम से भी प्रसिद्ध है।
अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार से शुरू किया गया यह कार्यक्रम अब प्रतिदिन शाम छह बजे से आयोजित किया जाएगा, जो आगंतुकों को भगवान बुद्ध के जीवन का एक जीवंत अनुभव प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री के नामची जिले के अतिरिक्त राजनीतिक सचिव विष्णु शर्मा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य रावांगला में संध्याकालीन पर्यटन को बढ़ावा देना, पर्यटकों को अपने प्रवास की अवधि बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना और स्थानीय होटलों तथा पर्यटन से जुड़े व्यवसायों को लाभ पहुंचाना है। उन्होंने पारिस्थितिकी पर्यटन की संभावनाओं को भी रेखांकित करते हुए कहा कि सतत पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय समुदायों के लिए आजीविका के अवसर पैदा करने के उद्देश्य से इस क्षेत्र में 100 से अधिक परियोजनाएं विकसित की गई हैं।
लगभग 7,000 फुट की ऊंचाई पर स्थित बुद्ध पार्क एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां भगवान बुद्ध की 130 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित है, जिसका अभिषेक 14वें दलाई लामा ने 25 मार्च 2013 को किया था।