Silver Price: चांदी का वायदा भाव रिकॉर्ड 3.59 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 28, 2026

वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच मजबूत निवेशक मांग के कारण मंगलवार को वायदा कारोबार में चांदी की कीमत बढ़कर 3.59 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं, जबकि सोना 1.59 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर पर रहा।

पिछले हफ्ते चांदी ने तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की थी, जो 46,937 रुपये यानी 16.3 प्रतिशत बढ़कर पहली बार तीन लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर को पार कर गई थी। सोना के वायदा भाव में तेजी जारी रही और इसके फरवरी में आपूर्ति वाले अनुबंधों की कीमत 3,783 रुपये यानी 2.42 प्रतिशत चढ़कर 1,59,820 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई।

पिछले सप्ताह सोने की कीमत में 13,520 रुपये यानी 9.5 प्रतिशत का उछाल आया था। विश्लेषकों के अनुसार, भू-राजनीतिक तनाव और नीतिगत अनिश्चितताओं से वैश्विक बाजारों में मची उथल-पुथल के बीच निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे सोने-चांदी की कीमतों में तेज उछाल आया है।

मंगलवार को निवेशकों ने सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर तेजी से रुख किया, जिसके कारण सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल आया और वे रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं।

मेहता इक्विटीज के उपाध्यक्ष राहुल कलंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव और व्यापार से जुड़ी चिंताओं, खासकर आयात शुल्क बढ़ाने की धमकियों ने बाजार की धारणा को कमजोर किया है। इसके कारण निवेशक सोने-चांदी जैसे सुरक्षित निवेश की ओर रुख कर रहे हैं।

विशेषज्ञों का कहना कि एक फरवरी को पेश होने वाले केंद्रीय बजट 2026 पर भी निवेशकों की नजर रहेगी, क्योंकि आयात शुल्क और वित्तीय उपायों में बदलाव से घरेलू बाजार में कीमती धातुओं की कीमतें प्रभावित हो सकती हैं।

कलंत्री ने कहा कि राजकोषीय अनुशासन और नीतिगत विश्वसनीयता पर बढ़ती चिंताओं ने संप्रभु बॉन्ड और मुद्राओं में विश्वास को कम कर दिया है, जिससे सोने और चांदी जैसी संपत्तियों में बदलाव आया है।

प्रमुख खबरें

Rajasthan Royals में बड़ा फेरबदल, Lakshmi Mittal-Adar Poonawalla के हाथ में आई Team की कमान

IPL 2026 Match: Rahane-Raghuvanshi की पार्टनरशिप ने पलटी बाजी, Kolkata ने जीता अहम मुकाबला।

Barcelona के Pedri ने तोड़ा Messi-Xavi का महा-रिकॉर्ड, सबसे कम उम्र में रचा इतिहास।

Vinesh Phogat की सरकार को सीधी चेतावनी, Gonda में कुछ हुआ तो आप होंगे जिम्मेदार, मचा हड़कंप