Thiruvananthapuram में कारोबारी से 2.6 करोड़ का Gold लूटने वाले 6 संदिग्ध हिरासत में

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 14, 2026

एक आभूषण दुकान मालिक से तिरुवनंतपुरम के चालाई इलाके में दो किलोग्राम सोने से भरा बैग छीनने के मामले में शनिवार को पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि वारदात में सीधे तौर पर शामिल चार लोगों को वायनाड के पडिंजरथारा में पकड़ा गया, जबकि साजिश में शामिल होने के संदेह में दो अन्य लोगों को तिरुवनंतपुरम में हिरासत में लिया गया। वायनाड में हिरासत में लिए गए चार लोगों की पहचान अनूप, अनिल, विनोद और राजीव के रूप में हुई है।

ये सभी तिरुवनंतपुरम के निवासी हैं। पुलिस ने उनके वाहन से 448 ग्राम वजन की सोने की एक छड़ बरामद की है। सूत्रों ने बताया कि अन्य लोगों को पकड़े जाने के दौरान कार में सवार एक व्यक्ति फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने बताया कि तिरुवनंतपुरम में हिरासत में लिए गए दोनों अन्य संदिग्धों से भी जांच दल पूछताछ कर रहा है। पुलिस के अनुसार, दुकान के मालिक नंदकुमार (50) बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजकर 35 मिनट पर दुकान बंद करने के बाद अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर से घर लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि जब वह चालाई से मरक्कड़ा रोड की ओर जा रहे थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार हेलमेट पहने दो लोग पीछे से आए और सोने से भरा काला बैग छीनकर फरार हो गए।

प्राथमिकी के अनुसार, चोरी किए गए सोने की कीमत करीब 2.6 करोड़ रुपये थी। इस मामले में फोर्ट थाने में मामला दर्ज किया गया है। सूत्रों ने बताया कि पुलिस को शुक्रवार को संदिग्धों के बारे में कुछ सुराग मिले थे।

पुलिस के अनुसार आरोपी अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को छोड़ कार से तमिलनाडु चले गए थे। पुलिस ने कहा कि जांच का दायरा तमिलनाडु तक पहुंचने पर गिरोह कर्नाटक चला गया। अधिकारियों ने बताया कि केरल पुलिस की एक टीम उनके पीछे लगी थी, जिसके बाद आरोपियों को पीछा किए जाने का एहसास हुआ और वे वायनाड चले गए।

सूत्रों के अनुसार जांच दल से मिली सूचना के आधार पर वायनाड पुलिस ने चार संदिग्धों को रोककर हिरासत में ले लिया। सूत्रों ने बताया कि कर्नाटक गई पुलिस टीम भी वायनाड पहुंच गई, जबकि तिरुवनंतपुरम से एक अन्य टीम वहां हिरासत में लिए गए दो लोगों को राज्य की राजधानी लाने के लिए भेजी गई।

प्रमुख खबरें

Under-19 Asia Cup Final | भारत की ऐतिहासिक जीत: आखिरी गेंद पर पाकिस्तान को 1 विकेट से हराकर 9वीं बार जीता खिताब, सहवाग-गांगुली समेत दिग्गजों ने दी बधाई

सोनिया विहार में यमुना में मरी मछलियां मिलने का मामला गरमाया, पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की FIR, दिल्ली की सियासत गरमाई

Kishtwar में दो SPO की हत्या के बाद परिजनों ने उठाई CBI जांच की मांग

राहुल गांधी विदेशी ताकतों की कठपुतली, दूसरे देशों की मदद से चाहते सत्ता परिवर्तन, BJP ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप