निशानेबाज ऐश्वर्य, सामरा ने किया निराश, रमेशभाई ने जीता रजत पदक

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 11, 2024

भारत के शीर्ष राइफल निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और सिफ्त कौर सामरा प्रभाव छोड़ने में विफल रहे, जबकि कम लोकप्रिय एस. रमेशभाई मोराडिया ने सोमवार को यहां विश्व विश्वविद्यालय निशानेबाजी चैंपियनशिप में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल में रजत पदक जीता।

रमेशभाई सोमवार को पदक जीतने वाले इकलौते भारतीय रहे। ओलंपियन तोमर इस स्पर्धा में पांचवें स्थान पर रहे, जबकि पेरिस खेलों में भाग लेने वाली सामरा महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री-पोजिशन स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहीं। गुजरात के रमेशभाई बेहद मामूली अंतर से स्वर्ण पदक जीतने से चूक गये।

वह फाइनल में 252.1 अंक हासिल कर चेक गणराज्य के जिरी प्रिवरात्स्की से केवल 0.1 अंक पीछे रहे। यह प्रिवरात्स्की का इस प्रतियोगिता में दूसरा स्वर्ण पदक है। उन्होंने रविवार को पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री-पोजीशन में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। ऐश्वर्य 187.7 अंक के साथ पांचवें स्थान पर रहे, जबकि एक अन्य भारतीय उमामहेश मद्दिनेनी (208.8) चौथे स्थान पर रहे। 

इससे पहले क्वालिफिकेशन दौर में रमेशभाई ने 630.0 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर थे।  उमामहेश और ऐश्वर्य ने 629.8 और 628.3 का स्कोर करके क्रमश: तीसरे और पांचवें स्थान के साथ आठ निशानेबाजों के फाइनल में प्रवेश किया था। सामरा का पदक से चूकना भारत के लिए बड़ी निराशा रही। वह 50 मीटर राइफल में देश की सर्वश्रेष्ठ निशानेबाजों में शामिल है।

वह 439.6 अंक के साथ चौथे स्थान पर रही। फ्रांस की अगाथे गिरार्ड (462.3) ने इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता, जबकि पोलैंड की जूलिया पियोट्रोस्का (462.0) और अन्ना जानसेन (450.2) ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीता। सामरा इससे पहले क्वालीफिकेशन में 587 के स्कोर के साथ सातवें स्थान पर थी। भारत ने इस प्रतियोगिता में अब तक एक स्वर्ण सहित नौ पदक जीते है।

‘मानव रचना इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ रिसर्च एंड स्टडीज’ की मेजबानी में आयोजित हो रही इस चैंपियनशिप में 23 देशों के 220 निशानेबाज हिस्सा ले रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Kalpataru Projects का दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 23 प्रतिशत बढ़ा, 292 करोड़ रुपये रहा

IPL 2027 नीलामी से पहले CSK और SRH के बीच चार खिलाड़ियों की ट्रेड

IPL 2027 से पहले CSK और SRH के बीच ट्रेड, Liam Livingstone टीम में शामिल

Asian Champions Trophy: भारत ने Japan को 4-1 से हराकर छठी बार जीता खिताब