By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 29, 2025
भारत की स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना रविवार को यहां श्रीलंका के खिलाफ चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के दौरान महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10 हजार रन पूरे करने वाली भारत की दूसरी और दुनिया की कुल चौथी बल्लेबाज बनीं।
भारत की मिताली राज, इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स और न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स उनके पहले यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। स्मृति ने हालांकि सबसे कम पारियों में 10 हजार रन पूरा करने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
उन्होंने 281 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की। मिताली इस सूची में 291 पारियों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। चार्लोट और सूजी ने क्रमश: 308 और 314 पारियों में इस आंकड़े को छुआ था।