मुहर्रम के दौरान पाकिस्तान के पंजाब में सोशल मीडिया पर छह दिन के लिए होगा प्रतिबंध

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 05, 2024

लाहौर। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की सरकार ने इस्लामी महीने मुहर्रम के दौरान नफरत फैलाने वाली सामग्री को नियंत्रित करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया मंच यूट्यूब , व्हाट्सऐप , फेसबुक , इंस्टाग्राम और टिकटॉक पर 13 से 18 जुलाई तक प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। पंजाब सरकार की ओर से बृहस्पतिवार देर रात जारी की गई एक अधिसूचना के अनुसार, मुख्यमंत्री मरियम नवाज की कानून एवं व्यवस्था संबंधी कैबिनेट समिति ने 12 करोड़ से अधिक की आबादी वाले प्रांत में 13 से 18 जुलाई के दौरान सभी सोशल मीडिया मंच-यूट्यूब, एक्स, व्हाट्सऐप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और टिकटॉक आदि पर प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की है, ताकि नफरत फैलाने वाली सामग्री और गलत सूचनाओं पर नियंत्रण किया जा सके और सांप्रदायिक हिंसा से बचा जा सके। 

प्रांतीय सरकार को ऐसी सूचना मिली है कि सीमा पार के तत्वों सहित बाहरी ताकतें नफरत भरी सामग्री फैलाने का प्रयास कर रही हैं। यौम-ए-आशूरा इस्लामी कैलेंडर के पहले महीने मुहर्रम की दसवीं तारीख को कहते हैं। सूत्रों ने बताया कि पंजाब सरकार ने शुरू में विचार किया था कि मुहर्रम की 9 वीं और 10वीं तारीख को सोशल मीडिया मंच बंद कर दिए जाएं। कैबिनेट मंत्री सैयद आशिक हुसैन किरमानी ने बताया कि कैबिनेट समिति ने नफरत फैलाने वाली सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए विभिन्न सोशल मीडिया ऐप को बंद करने का सुझाव दिया था। 

किरमानी ने कहा कि इस मुद्दे पर एक बैठक में चर्चा की गई कि मुहर्रम के दौरान सोशल मीडिया मंच, विशेष रूप से फेसबुक और एक्स पर नफरत भरी सामग्री कई गुना बढ़ जाती है जिससे दो व्यक्तियों के बजाय दो संप्रदायों के बीच हिंसा होने की आशंका बलवती होती है। उन्होंने कहा, विशेष रूप से मुहर्रम के दौरान नफरत भरी सामग्री का प्रसार दुश्मनी पैदा करता है और इससे पूरा माहौल खराब होता है। किरमानी ने कहा कि मुहर्रम से पहले,उस दौरान और उसके एक दिन बाद सोशल मीडिया मंचों को बंद करने की सिफारिश की गई है। 

पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसीम मुनीर पहले ही सोशल मीडिया को दुष्ट मीडिया और डिजिटल आतंकवाद करार दे चुके हैं। साथ ही उन्होंने इन सोशल मीडिया मंचों से निपटने की आवश्यकता पर जोर दिया है। पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इशाक डार ने भी हाल ही में सोशल मीडिया पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आह्वान किया था। पाकिस्तान के आम चुनाव के परिणामों में बदलाव करने के आरोपों के बाद शहबाज शरीफ सरकार ने पिछले फरवरी में सोशल मीडिया मंच एक्स को बंद कर दिया था। प्रतीत होता है कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी (पीटीआई) के जेल में बंद संस्थापक इमरान खान को सत्ता में आने से रोकने के लिए सैन्य प्रतिष्ठान के आदेश पर ऐसा किया गया था।

प्रमुख खबरें

Donald Trump की चेतावनी की उड़ाई नेतन्याहू ने धज्जियां! इज़राइल- ईरान का युद्ध चरम पर पहुंचा, रात भर हुए हवाई हमले | Israel-Iran Conflict

INDIA Bloc Meeting in Delhi | ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक, भाजपा से मुकाबले की रणनीति पर होगी चर्चा, जानें कौन-कौन होगा शामिल

Gorakhpur Pregnant Woman Death | प्रसव के बाद महिला की मौत, परिजनों ने छह घंटे तक शव रखकर प्रदर्शन किया, अखिलेश यादव ने स्वास्थ्य मंत्री को घेरा

Love Horoscope For 8 June 2026 | आज का प्रेम राशिफल 8 जून 2026 | प्रेमियों के लिए कैसा रहेगा आज का दिन