लोगों के अमेरिकी प्रशासन छोड़ने पर कुछ भी असामान्य नहीं: साराह सैंडर्स

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 08, 2018

वॉशिंगटन। व्हाइट हाउस ने कहा कि लोगों के अमेरिकी प्रशासन छोड़कर जाने में कुछ भी असामान्य नहीं है।खबरें आईं थी कि हाल के दिनों में कई वरिष्ठ अधिकारियों के पद छोड़ने के कारण व्हाइट हाउस में अव्यवस्था का आलम है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव साराह सैंडर्स ने संवाददाताओं से कहा, ‘इसमें कुछ भी असामान्य नहीं है।’ साराह से पूछा गया था कि अमेरिकी इतिहास में ऐसा कोई प्रशासन नहीं रहा जिसमें इतने अधिक लोगों ने नौकरी छोड़ी हो।

उनसे यह पूछा गया कि अगर इसे उथल पुथल नहीं कहा जाएगा तो हाल के दिनों में जो हो रहा है उसे आप क्या कहेंगी। साराह ने कहा, ‘अगर ऐसा होता तो मुझे नहीं लगता कि हमने जो कुछ भी किया है उसे पूरा करने मेंहम सक्षम होते।’ उन्होंने कहा, ‘आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। रिकॉर्ड संख्या में नौकरियों का सृजन हो रहा है। ऐसी कई ऐतिहासिक चीजें हैं जो पहले साल में ही हुईं।’

 

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के पास कई दक्ष, कुशल, सक्षम लोग हैं जिन पर वह निर्भर रह सकते हैं। लेकिन अंतत: राष्ट्रपति डोनाल्ड जे ट्रंप को अमेरिकी जनता का भरपूर वोट मिला। उन्होंने उनकी नीतियों, एजेंडा और निर्णय लेने की उनकी अद्भुत क्षमता के लिये वोट किया और ट्रंप का पूरा ध्यान दीर्घकालिक आर्थिक लक्ष्यों पर है।