China का नाम लेकर Sonam Wangchuk ने मोदी सरकार पर लगाया बड़ा आरोप, Delhi से लेकर Leh तक मची खलबली!

By नीरज कुमार दुबे | Oct 23, 2026

लद्दाख के मुद्दे पर केंद्र सरकार और स्थानीय नेतृत्व के बीच टकराव एक बार फिर खुलकर सामने आ गया है। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने बीजेपी सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा है कि एक तरफ चीन लद्दाख पर दबाव बना रहा है और उसे भारत का हिस्सा मानने तक से इंकार कर रहा है, तो दूसरी तरफ अपने ही देश में लद्दाख के लोगों को उनके हक के लिए लड़ना पड़ रहा है। वांगचुक का आरोप है कि केंद्र सरकार उन वादों से पीछे हट रही है, जिनके भरोसे लद्दाख के लोगों ने बातचीत के जरिए समाधान की उम्मीद लगाई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सीमाओं पर चुनौती बढ़ रही है, तब लद्दाख के लोगों का भरोसा जीतने के बजाय उन्हें निराश क्यों किया जा रहा है?

इसे भी पढ़ें: Article 370 हटने के बाद बदल गया पूरा माहौल, Hindu खुलकर मना पा रहे हैं पर्व-त्योहार, Srinagar की सड़कों पर माँ दुर्गा की भव्य शोभायात्रा देखकर सब हैरान

वांगचुक ने एक वीडियो संदेश में कहा कि 15 अक्टूबर को लेह में हुई वार्ता पूरी तरह विफल रही थी। उनके मुताबिक, उस बैठक में कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका, क्योंकि केंद्र सरकार पहले किए गए वादों पर आगे बढ़ने को तैयार नहीं दिखी। उन्होंने कहा कि इसके बाद 22 अक्टूबर को दिल्ली में अगली बैठक की बात कही गई थी, जिसके आधार पर उन्होंने दिल्ली आने की तैयारी की, लेकिन अब बातचीत स्थगित होने की जानकारी दी गई।

हम आपको याद दिला दें कि लद्दाख के प्रतिनिधियों और केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकारियों के बीच 15 अक्टूबर को हुई बैठक में भी कोई महत्वपूर्ण सहमति नहीं बन पाई थी। इससे पहले 22 मई को हुई बातचीत में कुछ प्रमुख मुद्दों पर सहमति बनने की उम्मीद जगी थी। उस दौरान लद्दाख के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों में नरमी दिखाते हुए क्षेत्र की पहचान, जमीन और रोजगार की सुरक्षा के लिए केंद्र की ओर से प्रस्तावित विशेष संवैधानिक व्यवस्था पर विचार करने की सहमति जताई थी।

हालांकि, अक्टूबर की बैठक में विवाद उस समय बढ़ गया, जब लद्दाख के प्रतिनिधियों ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित विधायी ढांचे पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि प्रस्तावित विधानसभा के पास पर्याप्त अधिकार नहीं होंगे और उसकी शक्तियां मौजूदा पर्वतीय स्वायत्त परिषदों जैसी सीमित रह सकती हैं। गृह मंत्रालय की ओर से 32 पन्नों का मसौदा प्रस्ताव पेश किए जाने के बावजूद लद्दाख के प्रतिनिधियों ने इसे स्वीकार नहीं किया।

वांगचुक ने कहा कि लद्दाख के लोगों को छठी अनुसूची के तहत संवैधानिक संरक्षण देने की मांग सबसे पहले उठाई गई थी। इसके बाद विधानसभा और अधिकारों से जुड़े अन्य आश्वासन भी दिए गए, लेकिन अब इन मुद्दों पर प्रगति नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में रहने वाले लोग मौजूदा हालात से निराश हैं और उन्हें अपने भविष्य को लेकर चिंता सता रही है।

बहरहाल, अब सवाल यह है कि क्या केंद्र और लद्दाख के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत फिर शुरू होगी और क्या दोनों पक्ष किसी ठोस समाधान तक पहुंच पाएंगे? फिलहाल, वार्ता में देरी ने लद्दाख के मुद्दे को एक बार फिर राजनीतिक और संवैधानिक बहस के केंद्र में ला दिया है।

प्रमुख खबरें

2,000 करोड़ रुपये के बजट वाली Ramayana को लागत निकालने के लिए चाहिए 5,000 करोड़ रुपये: जानिए बॉक्स ऑफिस का पूरा गणित

यूपी में अखिलेश यादव और सपा नेताओं के खिलाफ विवादित Hoardings पर बवाल

रेहान वाद्रा की Photo Exhibition पर राजीव चंद्रशेखर ने उठाया सवाल, VD Satheesan पर लगाया पक्षपात का आरोप

Travel Tips: Manipur घूमने का प्लान है तो Imphal में Kangla Fort और Loktak Lake जरूर देखें