सोनभद्र में सत्य सनातन Trust से जुड़ी साइबर ठगी में 8 गिरफ्तार, 11.63 करोड़ के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 28, 2026

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में सत्य सनातन ट्रस्ट नाम से खोले गए बैंक खातों से जुड़े साइबर धोखाधड़ी मामले में भोपाल से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिससे गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या आठ हो गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि ट्रस्ट के बैंक खातों की जांच में साइबर धोखाधड़ी की 35 शिकायतें सामने आई हैं, जिनमें लगभग 11.63 करोड़ रुपये का संदिग्ध लेनदेन शामिल है।

रुनवाल ने बताया कि ट्रस्ट चलाने वाले ऋषिकेश पांडे ने ट्रस्ट के नाम से एक खाता खोला था और मध्यप्रदेश में कई लोगों को खाते का नंबर तथा एटीएम कार्ड उपलब्ध कराया था। उन्होंने कहा कि साइबर धोखाधड़ी के जरिए हासिल की गई रकम को कथित तौर पर ट्रस्ट के खातों के जरिए इधर-उधर किया गया। रुनवाल ने बताया कि जांच के मुताबिक, धोखाधड़ी से मिली रकम का 20 प्रतिशत हिस्सा कथित तौर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष पांडे को कमीशन के रूप में दिया गया, जबकि बाकी रकम अन्य लोगों के बीच बांट दी गई।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने सोनभद्र में अन्य संस्थाओं के नाम से भी बैंक खाते खोले, जिनमें ‘धर्मोदय फाउंडेशन’, ‘बालसा कंस्ट्रक्शन एंड ट्रेडिंग एलएलपी’ और ‘भूमिमित्रम इंडिया माइक्रो फाउंडेशन ट्रस्ट’ शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इनमें और कुछ अन्य खातों में भी संदिग्ध लेन-देन का पता चला है। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में दुद्धी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, रविवार को भोपाल में गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों की पहचान भोपाल निवासी जय कुमार पांडे (35), और मध्यप्रदेश के सिंगरौली निवासी राजेश पोद्दार (46) तथा बब्बू प्रजापति (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि इससे पहले रविवार को दुद्धी में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जिनमें कथित मास्टरमाइंड ऋषिकेश पांडे भी शामिल था। वहीं, सोमवार को म्योरपुर से दो अन्य लोगों को पकड़ा गया।

अधिकारी ने बताया कि भोपाल में गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों के पास से एक कार भी बरामद की गई है।

प्रमुख खबरें

SEBI विदेशी निवेशकों के नियम आसान बनाने लाएगा कंसल्टेशन पेपर

Innodata Layoffs का असर भारत और Philippines में 500 से अधिक कर्मियों की गई नौकरी

उपद्रवियों पर होगी कार्रवाई, Jamia Campus विवाद पर Union Minister Pralhad Joshi की दो टूक

खरगे की जुबान पर भड़की मायावती, मोदी के अपमान का लिया बदला!