विदेश से लौटते ही सोनिया गांधी को अरहर की दाल’ और ‘चावल खाना पसंद

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 31, 2023

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी विदेश से लौटते ही एक व्यंजन खाना जरूर पसंद करती हैं और वह है ‘अरहर की दाल’ और ‘चावल’। नये साल की पूर्व संध्या पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के यूट्यूब चैनल पर जारी एक वीडियो में सोनिया गांधी ने अपने खाने की पसंद को साझा किया। वीडियो में दोनों नेता संतरे का मुरब्बा (जैम) बनाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में राहुल कहते हैं कि यह उनकी बहन प्रियंका की रेसिपी है। ‘मां, यादें और मुरब्बा’ शीर्षक वाले वीडियो में दोनों मां-बेटा सोनिया और राहुल गांधी भोजन के बारे में हल्का-फुल्का मजाक भी करते नजर आ रहे हैं। मुरब्बा बनाते समय राहुल गांधी कहते हैं, ‘‘यदि भाजपा वालों को जैम लेना है तो वे भी ले सकते हैं। आप क्या कहती हैं मम्मी?’’ इस पर सोनिया गांधी ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘‘वे इसे हम पर वापस फेंक देंगे।’’

भोजन की पसंद नापसंद के बारे में बात करते हुए, सोनिया गांधी ने कहा, ‘‘जब कोई भारतीय व्यक्ति विदेश जाता है, मैं आज की बात नहीं कर रही हूं क्योंकि अब वहां हर जगह भारतीय रेस्तरां हैं... आप ब्रिटेन और अन्य जगहों के खानपान से तालमेल नहीं बिठा सकते। उसी प्रकार, जब मैं यहां आई तो मुझे तालमेल बिठाने में समय लगा।’’ सोनिया ने कहा, ‘‘मुझे भारतीय स्वादों विशेषकर मिर्च और हरे धनिये के साथ तालमेल बिठाने में समय लगा।’’ सोनिया ने कहा कि उन्हें ‘हरा धनिया’ पसंद नहीं था, जिस पर राहुल चुटकी लेते हुए कहते हैं लेकिन अब उन्हें यह बहुत पसंद है। राहुल ने कहा कि उन्हें (सोनिया) अचार भी पसंद नहीं था लेकिन अब उन्हें अचार बहुत पसंद है। सोनिया गांधी ने कहा, ‘‘इसमें मुझे थोड़ा समय लगा लेकिन अब मुझे वास्तव में ये पसंद है।

अब जब भी मैं विदेश से आती हूं तो सबसे पहली चीज जो मुझे चाहिए वह है अरहर की दाल और चावल।’’ वीडियो में, राहुल गांधी इस बारे में भी बात करते हैं कि कैसे महात्मा गांधी के पास भोजन के बारे में एक विशेष दृष्टिकोण था और पौष्टिक खानपान को लेकर उनके पास ज्ञान का खजाना था। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे भी पौष्टिक खानपान को लेकर अपने विचार हैं जो गांधी जी से थोड़े अलग हैं।’’ इस वीडियो के अंत में दोनों को कांच के मर्तबान में मुरब्बा भरते देखा जा सकता है। इन मर्तबान पर टैग लगे हैं, जिन पर लिखा है- ‘‘विद लव, फ्रॉम सोनिया एंड राहुल।’’ इन्हें मित्रों और परिजनों को भेजने के लिए तैयार किया गया है।

प्रमुख खबरें

Monaco Grand Prix: 19 साल के Kimi Antonelli ने रचा इतिहास, तोड़ा Lewis Hamilton का 16 साल पुराना रिकॉर्ड

FIFA World Cup 2026: आखिरी लम्हों में खत्म हुआ सस्पेंस, ईरानी टीम को मिला USA का वीजा

French Open 2026: 19 साल की Mirra Andreeva का बड़ा कमाल, जीता पहला Grand Slam खिताब

Shreyas Iyer को T20 कप्तानी, Sanjay Manjrekar ने उठाए सवाल, Shubman Gill थे पहली पसंद!