Sonia Gandhi ने आत्मकथा में किया खुलासा, 2004 में क्यों छोड़ा था Prime Minister पद

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने 21वीं सदी के भारत के सबसे महत्वपूर्ण फैसलों में से एक लेने के दौरान प्रधानमंत्री पद संभालने के विचार को पहले पूरी तरह खारिज कर दिया था। हालांकि, गठबंधन सहयोगियों के लगातार दबाव डालने पर उन्होंने बेहद धीमी आवाज में ‘ठीक है’ कहा, लेकिन आखिरकार इस पद को संभालने से दृढ़ता से इनकार कर दिया। सोनिया के पुत्र राहुल गांधी और पुत्री प्रियंका गांधी वाद्रा का मानना था कि उन्हें प्रधानमंत्री नहीं बनना चाहिए, क्योंकि वे अपनी दादी इंदिरा गांधी की हत्या और अपने पिता राजीव गांधी की हत्या के सदमे से गुजर चुके थे।

हालांकि, सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में लिखा है कि यह फैसला लेना उनके लिए आसान नहीं था। यह पुस्तक मंगलवार को बाजार में आ गई। इसमें पहली बार 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने के फैसले के पीछे उनके मन में चल रहे द्वंद्व का विस्तार से खुलासा किया गया है।

उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर वह अंदरूनी तौर पर दुविधा में थीं। एक तरफ उनका मन इस विचार को पूरी तरह खारिज कर रहा था, जबकि दूसरी तरफ पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति अपने दायित्व का अहसास करा रहा था, जिन्हें उनके इनकार से ठेस पहुंचती और निराशा होती। सोनिया गांधी ने वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव से पहले हुई एक बातचीत को याद करते हुए लिखा, ‘‘चुनाव से कुछ महीने पहले मैंने अपने बच्चों के साथ इस संभावना पर चर्चा की थी कि मैं प्रधानमंत्री बन सकती हूं।

उनमें से एक ने सीधे मुझसे पूछा कि अगर हमारी पार्टी चुनाव जीत जाती है, तो क्या मैं यह पद स्वीकार करूंगी? मैंने लगभग नाराजगी जताते हुए कहा, ‘बिल्कुल नहीं!’ उन्होंने फिर पूछा, ‘क्या आपको यकीन है?’ मैंने जोर देकर कहा, ‘मैं इस बारे में बिल्कुल स्पष्ट हूं।’’ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी, दोनों ही नहीं चाहते थे कि उनकी मां प्रधानमंत्री बनें। उन्होंने लिखा, ‘‘उन्होंने अपनी दादी की हत्या और अपने पिता की निर्मम हत्या का सदमा झेला था।

उनके मन में प्रधानमंत्री पद संभालने का सीधा संबंध बढ़ते खतरे से था। वे मेरा जवाब सुनकर राहत महसूस कर रहे थे और पहली बार इस मुद्दे पर खुलकर अपनी बात कहने के बाद मुझे भी मन हल्का महसूस हुआ। इसके बाद यह मामला वहीं समाप्त हो गया।

मैंने किसी और से इस बारे में कभी बात नहीं की।’’ सोनिया गांधी ने कहा कि 2004 के पूरे चुनाव प्रचार के दौरान जब भी उनसे सार्वजनिक रूप से इस बारे में सवाल किया गया, उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया था। उन्होंने लिखा, ‘‘वर्षों पहले, जब मैंने उस यात्रा का पहला कदम उठाया था, जो मुझे इस मुकाम तक ले आई, तब मैं अपने दिल में जानती थी कि मेरे पति और मेरी सास मुझसे क्या अपेक्षा रखते। उनके और उन सभी उद्देश्यों के प्रति मेरे भीतर कर्तव्यबोध की भावना थी, जिनके लिए उन्होंने जीवनभर संघर्ष किया था।

लेकिन अब मैं खुद असमंजस में थी। मुझे अपने व्यथित मन के भीतर इसका जवाब तलाशना था।’’ सोनिया ने लिखा, ‘‘मेरी भावनाएं हर पल बदल रही थीं। एक क्षण मेरा विचार पूरी तरह स्पष्ट होता, तो अगले ही क्षण दुविधा में पड़ जाती।’’ गठबंधन के नेताओं के साथ हुई गहमागहमी भरी बैठकों और खुद को मनाए जाने की कोशिशों का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्हें ऐसा लग रहा था, मानो कोई फिल्म धीमी गति से चल रही हो और देखे गए दृश्य उनके मन में बार-बार उभर रहे हों।

सोनिया ने अपने 10 जनपथ स्थित आवास के सबसे अंदरूनी हिस्से में बने राजीव गांधी के सम्मेलन कक्ष में गठबंधन के कुछ नेताओं के साथ हुई बैठक को याद करते हुए लिखा कि नेता बारी-बारी से अपनी बात रख रहे थे और उनसे प्रस्ताव स्वीकार करने का आग्रह कर रहे थे, जबकि वह चुपचाप उनकी बातें सुन रही थीं। उन्होंने लिखा, ‘‘चर्चा समाप्त होने पर सभी मेरी ओर जवाब के लिए देखते हैं। मैं जितना साहस जुटा सकती हूं, जुटाती हूं और अपनी बात रखती हूं।

उनके बीच हंगामा मच जाता है। वे खड़े होकर मेरी ओर बढ़ते हैं। मैं भी खड़ी हो जाती हूं।

वे मुझे चारों ओर से घेर लेते हैं।’’ सोनिया गांधी के मुताबिक, एक नेता ने कहा, ‘‘हम इसे स्वीकार नहीं करेंगे।’’ दूसरे ने कहा, ‘‘आप यह फैसला नहीं ले सकतीं, मैडम।’’ सोनिया के मुताबिक उनका लहजा बेहद सख्त, लगभग आक्रामक था। उन्होंने लिखा, ‘‘वे कहते हैं, ‘हम आपका इनकार स्वीकार नहीं करेंगे।’ इस पर मैं हिल जाती हूं। मुझे लगता है कि मुझ पर दबाव हावी हो रहा है।

मैं लगभग सुनाई न देने वाली आवाज में बुदबुदाती हूं, ‘ठीक है।’ वहां मौजूद नेता मेरे वाक्य पूरा करने का इंतजार भी नहीं करते और एक-एक करके मुझे बधाई देने लगते हैं।’’ उन्होंने लिखा है कि इस दौरान प्रियंका कमरे के बाहर खड़ी थीं, जो उनका जवाब सुनते ही आंसू बहाती हुईं घर के भीतर राहुल को तलाशने के लिए दौड़ पड़ीं। पुस्तक के अनुसार, राहुल गांधी अपने कमरे में थे और प्रियंका ने वहां पहुंचकर उन्हें बताया कि उनकी मां ने नेताओं की मांग मान ली है। सोनिया गांधी ने लिखा, ‘‘उन्होंने कहा, ‘वे सभी मां के आसपास खड़े हैं, उन्होंने हां कह दिया है!’ राहुल ने पूछा, ‘उन्होंने ऐसा क्यों किया!

वह कहां हैं?’ इसके बाद वे दोनों परेशान चेहरों के साथ तेजी से मेरी ओर आए। मेरे दोनों बच्चे, जो अपने पिता की मृत्यु के बाद खुद को मेरा रक्षक मानते थे। गठबंधन के नेताओं के आक्रामक रवैये से मैं पहले ही थक चुकी थी और अब मुझे अपने बच्चों का सामना करना था।’’ उन्होंने लिखा, ‘‘राहुल ने गुस्से में पूछा, ‘आपने हां कह दिया?’ मैंने जवाब दिया, ‘वे मेरी बात सुनने को तैयार नहीं थे।

मैं यह नहीं करना चाहती, तुम जानते हो कि मैं नहीं चाहती। वे मुझ पर दबाव डाल रहे थे।’ राहुल ने पूछा, ‘दबाव? आप पर दबाव डाला जा रहा है?

हमारा क्या?’ वह गुस्से से भरे चेहरे के साथ वहां से चले गए।’’ सोनिया गांधी के मुताबिक, प्रियंका ने उनसे कहा, ‘‘देखिए मां, आप हमेशा से इस बारे में स्पष्ट रही हैं। किसी के दबाव में मत आइए। आपने जो फैसला किया है, वही कीजिए।

हम दोनों इसे संभालने में आपकी मदद करने के लिए यहां हैं।’’ पुस्तक के अनुसार, इसके बाद सोनिया गांधी अपने शयनकक्ष में चली गईं और हमेशा की तरह चुपचाप बिस्तर पर उस तरफ सो गईं, जहां उनके पति सोते थे। उन्होंने लिखा, ‘‘मेरे भीतर एक आवाज कह रही थी, ‘सोनिया, यह कितना बेतुका प्रस्ताव है। तुम्हारा जन्म और पालन-पोषण इटली में हुआ और अब दुनिया के दूसरे छोर पर एक अरब से अधिक लोगों के देश का नेतृत्व करने के लिए तुम्हें चुना जा रहा है।’ ’’ उन्होंने लिखा, ‘‘दूसरी आवाज जवाब दे रही थी, ‘यह तुम्हारा देश है।

तुमने अपना पूरा वयस्क जीवन और अपनी निष्ठा इसे समर्पित की है। जब तुमने उस व्यक्ति को खो दिया, जिससे तुम प्रेम करती थीं, तो इस देश ने तुम्हें अपनी बाहों में समेट लिया। इसके लोगों ने तुम्हें गहरे दुखों और त्रासदियों के दौरान सांत्वना दी और तुम्हारा साथ दिया।

जिन लोगों ने तुम पर और तुम्हारी पार्टी पर भरोसा किया है, उनके प्रति अपनी जिम्मेदारी से तुम कैसे मुंह मोड़ सकती हो?’ ’’ सोनिया गांधी ने कहा कि उस समय भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा और उन्हें राजीव गांधी की सांत्वना देने वाली मौजूदगी की बेहद याद आई। उन्होंने लिखा, ‘‘थकान के कारण जब मैं नींद में डूबने लगी, तो अचानक मेरे मन से संदेह के आखिरी अंश भी दूर हो गए। मैंने खुद को कहते सुना, ‘सोनिया, अपने प्रति सच्ची रहो।

तुम हमेशा से यह जानती थीं। इसे यहीं छोड़ दो।’ कुछ घंटे बाद मेरी नींद खुली। मैं सीधे अपने बेटे के कमरे में गई और दरवाजा खटखटाया।’’ उन्होंने लिखा, ‘‘मैंने उससे कहा, ‘मैंने अपना फैसला कर लिया है।

मैं अपने रुख पर कायम रहूंगी।’ वह मेरे पास आया और मुझे अपनी बांहों में लेते हुए बोला, ‘यह सही फैसला है’।’’ इसके बाद सोनिया गांधी ने संसद में हुए उन नाटकीय घटनाक्रमों का जिक्र किया, जब उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने से इनकार करने और मनमोहन सिंह को अपना उत्तराधिकारी नामित करने की घोषणा की थी। उन्होंने याद किया कि किस तरह एक के बाद एक नेताओं ने भाषण देकर उनसे प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने की अपील की थी। सोनिया ने लिखा कि जब उन्होंने वे निर्णायक शब्द कहे कि वह अपनी ‘अंतरात्मा की आवाज’ का पालन करेंगी, जो उन्हें विनम्रतापूर्वक इस पद को अस्वीकार करने के लिए कह रही थी, तो सदन में हंगामा मच गया।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष के अनुसार कुछ देर के लिए उन्हें सदन से बाहर ले जाया गया। इसके बाद वह वापस आईं और सांसदों से अपने उत्तराधिकारी का नाम घोषित करने की अनुमति देने का आग्रह किया। सांसदों के सहमत होने पर उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह का नाम लिया।

सोनिया गांधी ने पुस्तक में लिखा, ‘‘मैं कांग्रेस संसदीय दल का नेतृत्व छोड़ती हूं और डॉ. सिंह को इसका नेता नामित करती हूं। एक बार फिर तालियां गूंज उठती हैं। सभी खड़े हो जाते हैं।

कुछ नारे लगाते हैं, तो कुछ की आंखों में आंसू होते हैं। मेरे बच्चे भी खड़े हो जाते हैं। मैं देखती हूं कि वे भी तालियां बजा रहे हैं।

मैं अपने कागज समेटती हूं और वहां से चली जाती हूं। आखिरकार यह कठिन दौर समाप्त हो गया था।’’

प्रमुख खबरें

Red Fort Metro Station के पास धीमी कार में विस्फोट, 15 की मौत और 20 घायल

Bollywood अभिनेता Ashutosh Rana का 59वां जन्मदिन, राजनीति छोड़ अभिनय में बनाई पहचान

Demonetisation से नक्सलवाद और आतंकवाद की कमर टूटी: BJP

अवैध प्रवासियों को कोई रियायत नहीं मिलेगी, Donald Trump ने अपनी निर्वासन नीति का किया बचाव