Sonia Gandhi ने याद की पहली मुलाकात, Rajiv Gandhi की सौम्यता ने छू लिया था दिल

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 24, 2026

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने अपने दिवंगत पति एवं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से पहली मुलाकात और उनके प्रेम संबंध की शुरुआत के दिनों को याद करते हुए शनिवार को कहा कि राजीव बेहद सौम्य और आकर्षक थे तथा उनकी सौम्यता ने उन्हें पहली मुलाकात में ही प्रभावित कर दिया था। सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपनी आगामी आत्मकथा से जुड़ा एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से पहली मुलाकात और उनके प्रेम संबंध की शुरुआत के दिनों को याद किया। इंस्टाग्राम के बाद सोनिया गांधी अब ‘एक्स’ पर भी आ गई हैं और यह इस मंच पर उनकी पहली पोस्ट है।

उन्होंने कहा कि वह लगातार ऐसे रेस्तरां की तलाश में रहती थीं, जहां उन्हें अपनी पसंद का, खासकर इतालवी खाना मिल सके। सोनिया गांधी ने कहा कि इसी तलाश के दौरान उन्हें कैम्ब्रिज में एक यूनानी रेस्तरां मिला, जहां कई छात्र भोजन करने आया करते थे। उन्होंने कहा कि वहां यूरोपीय छात्रों के अलावा बड़ी संख्या में भारतीय छात्र भी आते थे और इसी रेस्तरां में उनकी पहली मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी।

सोनिया गांधी ने कहा, ‘‘जब मैं उनसे पहली बार मिली तो मुझे उसी समय महसूस हुआ कि वह ऐसे व्यक्ति हैं, जिनके साथ मैं जिंदगी गुजारना चाहूंगी। बाद में मुझे पता चला कि उनकी भी मेरे प्रति यही भावना थी।’’ उन्होंने अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए यह भी कहा कि उनके और राजीव गांधी के एक साझा मित्र ने दोनों का परिचय कराया था। सोनिया गांधी ने कहा कि इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई और वे दोस्तों के साथ पार्टियों में जाने तथा विभिन्न जगहों पर घूमने लगे।

उन्होंने उस समय की एक ‘वैलेंटाइन पार्टी’ का भी जिक्र किया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए थे। सोनिया ने राजीव गांधी के व्यक्तित्व के बारे में कहा, ‘‘वह बेहद सौम्य दिखने वाले व्यक्ति थे। बेशक, वह बहुत आकर्षक थे लेकिन उनकी सौम्यता साफ झलकती थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह ऐसी बात थी जिसने मेरे दिल को वास्तव में छुआ और मुझे प्रभावित किया।’’ सोनिया गांधी ने कहा कि राजीव गांधी से अपनी पहली मुलाकात के उन पलों को वह कभी नहीं भूल सकतीं।

प्रमुख खबरें

France Protest: कितना लुट गया फ्रांस, आंकड़े जान दिमाग घूम जाएगा!

बिहार के Siwan में घर में रखे पटाखों में भीषण Blast, 5 लोगों की मौत और 3 घायल

Kerala के नए Governor Om Prakash Mathur के आदेश पर विवाद, Lok Bhavan में मांसाहारी भोजन पर रोक

चीन के नहले पर भारत का दहला, बैन लगाया तो बना ली खुद की टनल कटर मशीन!