Sonu Nigam Birthday: पिता के साथ शादियों में गाते थे सोनू निगम और आज इंडस्ट्री पर कर रहे राज, एक्टिंग में भी आजमा चुके हैं किस्मत

By अनन्या मिश्रा | Jul 30, 2025

90 के दशक से लेकर अब तक फैंस के बीच अपनी आवाज का जादू बिखेर रहे बॉलीवुड के टॉप रेटेड प्लेबैक सिंगर सोनू निगम 30 जुलाई को अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं। गायिकी की दुनिया में सिंगर सोनू निगम का नाम बड़े सम्मान के साथ लिया जाता है। सिंगर को गायिकी का हुनर परिवार से विरासत में मिला था। लेकिन यहां तक पहुंचने के लिए सोनू निगम ने काफी संघर्ष का सामना किया। तो आइए जानते हैं उनके जन्मदिन के मौके पर सिंगर सोनू निगम के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में...

ठंडे बस्ते में गई पहली फिल्म

सोनू निगम के सिंगिंग करियर की बात की जाए, तो उन्होंने पहली बार साल 1990 में 'जानम' फिल्म के लिए गाना गाया था। लेकिन यह फिल्म कभी रिलीज नहीं हो सकी। इसके बाद उन्होंने अपने करियर की शुरूआत डीडी1 के धारावाहिक साल 1992 में तलाश के गाने 'हम तो छैला बन गए' से की। सिंगर पहला गाना 'ओ आसमान वाले' फिल्म 'आजा मेरी जान' साल 1993 का था।

मोहम्मद रफी को मानते हैं गुरु

दिवंगत दिग्गज गायक मोहम्मद रफी का सोनू निगम की गायिकी पर काफी प्रभाव रहा है। सोनू निगम उनको अपना गुरु मानते हैं और इसका कई बार खुलासा कर चुके हैं। शुरूआती दिनों में मोहम्मद रफी के गाने ही स्टेज पर गाया करते थे। अपने एल्बम 1992 में 'रफी की यादें' में सोनू निगम ने उनके लिए गाने गाए हैं। सोनू निगम ने एक इंटरव्यू में यह खुलासा किया कि वह अपने माता-पिता को अपना गुरु मानते हैं। इसके बाद वह सिंगर मोहम्मद रफी को गुरु का दर्जा देते हैं।

'सारेगामा' से खुली किस्मत 

सोनू निगम के जीवन में सबसे बड़ा बदलाव तब आया, जब सिंगर ने 'सारेगामा' शो होस्ट किया। साल 1995 में यह शो प्रसारित हुआ था। इसके बाद सोनू निगम की मुलाकात टी सीरीज के मालिक गुलशन कुमार से हुई। सिंगर की आवाज से प्रभावित होकर गुलशन कुमार ने सोनू निगम को फिल्म 'बेवफा सनम' में गाने का मौका मिला। फिल्म में उनका गाया गाना 'अच्छा सिला दिया तूने मेरे प्यार का' जबरदस्त हिट हुआ, इसी गाने से सोनू निगम को इंडस्ट्री में पहचान मिली। इसके बाद सिंगर का जो सफर शुरू हुआ, उस पर वह आगे बढ़ते रहे। सोनू निगम की आवाज शाहरुख और आमिर जैसे दिग्गज कलाकारों पर फिट बैठती है।

एक्टिंग में भी आजमाई किस्मत

सिंगर सोनू निगम ने सिंगिंग की दुनिया में अपना एक नया मुकाम बनाया है। सिंगर अभिनय की दुनिया में भी किस्मत आजमा चुके हैं। उन्होंने बाल कलाकार के तौर पर इसकी शुरूआत की थी। उन्होंने 'उस्ताद उस्तादी से', 'प्यारा दुश्मन', 'बेताब', 'हमसे है जमाना' और 'तकदीर' जैसी फिल्मों में बाल कलाकार के तौर पर काम किया था। बाद में सोनू निगम ने 'जानी दुश्मन' से एक्टिंग में डेब्यू किया था। इसके अलावा उन्होंने फिल्म 'काश आप हमारे होते' और 'लव इन नेपाल' में बतौर अभिनेता नजर आए थे। हालांकि सोनू निगम का एक्टिंग करियर सफल नहीं रहा।

शादी

बता दें कि सोनू निगम ने 15 फरवरी 2002 को मधुरिमा मिश्रा से शादी की थी। इनकी मुलाकात एक कार्यक्रम में हुई थी। पहली मुलाकात में दोनों एक-दूसरे को पसंद आ गए थे। करीब 7 साल की डेटिंग के बाद सोनू और मधुरिमा ने शादी कर ली थी। मधुरिमा मिश्रा बंगाली परिवार से ताल्लुक रखती हैं। सोनू और मधुरिमा एक बेटे नुवान के पेरेंट्स हैं। सोनू निगम सिर्फ हिंदी ही नहीं बल्कि मराठी, बंगाली, कन्नड़, मलयालम, तमिल, तेलुगू, भोजपुरी, गुजराती, ओडिया, नेपाली, छत्तीसगढ़ी, तुलु और मीतई भाषा में भी गा चुके हैं।

प्रमुख खबरें

Health Tips: Heart Disease और Dementia का खतरा कम कर सकती है Shingles Vaccine, रिसर्च का दावा

Anna Hazare की सेहत में सुधार, Bombay Hospital में दो दिन और रहेंगे भर्ती

PM Narendra Modi ने महान अभिनेता Uttam Kumar की जन्मशती पर दी श्रद्धांजलि

शेयर बाजार में लौटी रौनक, Sensex 334 अंक और Nifty 24,009 के पार खुला