By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 19, 2020
कोलकाता। दिग्गज अभिनेता सौमित्र चटर्जी की तबीयत में धीरे-धीरे सुधार आ रहा है और वह थोड़ा बहुत बोल रहे हैं व आंखें खोल रहे हैं। चिकित्सकों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चटर्जी (85) का ऑक्सीजन स्तर स्थिर बना हुआ है, शरीर के विभिन्न अंग सामान्य तरीके से काम कर रहे हैं और सेहत संबंधी अन्य मानक भी ठीक हैं। चटर्जी का इलाज कर रही टीम का नेतृत्व कर रहे डॉक्टर अरिंदम कार ने कहा, उनका ऑक्सीजन का स्तर बना हुआ है इसलिए ऊपर से ऑक्सीजन देने की जरूरत कम हुई है।’’
चटर्जी को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद छह अक्टूबर को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें ‘आईटीयू’ ले जाया गया। बुधवार को उनकी कोविड-19 रिपोर्ट निगेटिव आई थी, यानी वह संक्रमित नहीं थे। इसके बाद उन्हें इलाज के लिये गैर-कोविड ‘आईटीयू’ में भर्ती कराया गया।