By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 31, 2024
नागपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 370 सीट का लक्ष्य हासिल करने को लेकर पूरा भरोसा जताते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी का कहना है कि आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी की मौजूदा 288 सीट में अतिरिक्त सीट दक्षिण भारत से जुड़ेंगी। अपने स्थानीय आवास पर साक्षात्कार में गडकरी ने कहा कि उनके मन में इस बात को लेकर कोई संदेह नहीं है कि भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 400 सीट के आंकड़े को पार करेगा। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में सरकार द्वारा किए गए ठोस कार्यों के कारण मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
गडकरी ने शनिवार को नागपुर में बड़े रोड शो के जरिये अपना प्रचार अभियान शुरू किया। उनकी गाड़ियों का काफिला लोगों के हुजूम में रेंग रहा था और लोग 40 डिग्री सेल्सियस तापमान के बावजूद अपने स्थानीय नायक का स्वागत करने के लिए खड़े थे। यह कार्यक्रम दो घंटे का था, लेकिन यह चार घंटे में खत्म हुआ, क्योंकि समर्थकों ने उनके साथ गुलाल लगाये, जिससे वह पूरी तरह सराबोर हो गये और जहां कहीं भी वह रुके, लोगों ने उन्हें कुछ न कुछ खाने की पेशकश की। गडकरी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भाजपा अपने कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत के कारण मजबूत होकर उभरी है और विपक्ष को भी लोगों का विश्वास हासिल करने के लिए प्रयास करना होगा।