UP Election 2022 । सपा का आरोप, साइकिल पर वोट डालने जा रहा था बुजुर्ग, कर्मचारियों ने कमल पर डलवा दिया

By अंकित सिंह | Feb 10, 2022

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल गर्म है। उत्तर प्रदेश में 7 चरणों में विधानसभा के चुनाव होने हैं। आज पहले चरण के लिए मतदान जारी है। पहले चरण में 11 जिलों के 58 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। इन सबके बीच समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर एक बड़ा आरोप लगाया है। समाजवादी पार्टी ने दावा किया है कि आगरा के विधानसभा क्षेत्र 94 बाह बूथ संख्या 126 पर 70 वर्षीय एक बुजुर्ग साइकिल को वोट देना चाह रहा था लेकिन कर्मचारियों द्वारा उसका वोट कमल पर डलवा दिया गया। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी की ओर से चुनाव आयोग को इस पर तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करने का भी आग्रह किया गया है। समाजवादी पार्टी ने कहा कि कर्मचारियों द्वारा इस तरह की अनियमितता ना की जा सके और चुनाव निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो इसलिए कार्रवाई जरूरी है। इसके अलावा एक और ट्वीट में सपा ने आरोप लगाया कि आगरा जिले की बाह विधानसभा में बीजेपी प्रत्याशी पक्षालिका सिंह के समर्थक लोगों को वोट नहीं डालने दे रहे हैं। वोटरों की पर्ची छीनी जा रही है । यह लोकतंत्र की हत्या है, चुनाव आयोग शीघ्र संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान कराना सुनिश्चित करे। आपको बता दें कि निर्वाचन आयोग कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक पहले चरण के चुनाव के लिए मतदान कार्य कोविड प्रोटोकॉल के तहत सुबह सात बजे शुरू हो गया जो शाम छह बजे तक चलेगा एवं अपराह्न एक बजे तक औसतन 35.03 प्रतिशत मतदान हो चुका है। पहले चरण में शामली, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा तथा आगरा जिलों में मतदान हो रहा है। पहले चरण का चुनाव जाट बहुल क्षेत्र में हो रहा है। इस चरण में प्रदेश सरकार के मंत्रियों श्रीकांत शर्मा, सुरेश राणा, संदीप सिंह, कपिल देव अग्रवाल, अतुल गर्ग और चौधरी लक्ष्मी नारायण समेत कुल 623 उम्मीदवारों के सियासी भाग्य का फैसला होगा।

प्रमुख खबरें

यूक्रेन में जहाज पर हमले में चार भारतीयों की मौत, भारत ने घटना की कड़ी निंदा की

Connaught Place Violence Case | अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज, दिल्ली में सुरक्षा सख्त, अर्धसैनिक बल तैनात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को उनके 84वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं

दिल्ली में किसान महापंचायत से पहले शंभू बॉर्डर सील, हरियाणा पुलिस ने सीमेंट के ब्लॉक लगाकर रोके रास्ते